बिहार की पांच संसदीय सीट हाजीपुर, सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर और सारण में 20 मई को मतदान होगा। पांचवें चरण में सबसे ज्यादा 80 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें छह महिलाएं भी हैं। चौथे चरण में 55, तीसरे चरण में 54 और दूसरे चरण में 50 उम्मीदवार चुनावी जंग में थे। इन 80 प्रत्याशियों में धनबल की कमी नहीं है। एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक 80 उम्मीदवारों में से 27 उम्मीदवार धनबल की धमक रखते हैं। इनमें सात उम्मीदवार निर्दलीय हैं।

सारण से राजद की रोहिणी आचार्य सबसे धनवान उम्मीदवार हैं। उन्होंने हलफनामे में अपनी संपत्ति 36 करोड़ 62 लाख 40 से ज्यादा की दर्शाई हैं। दूसरे नंबर पर मुजफ्फरपुर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार अजय निषाद हैं। इनकी जायदाद 29 करोड़ 62 लाख रुपए से अधिक की है। वहीं तीसरे नंबर पर मुजफ्फरपुर लोकसभा क्षेत्र से ही भाजपा उम्मीदवार राजभूषण चौधरी हैं। इनकी संपत्ति 16 करोड़ 68 लाख से ज्यादा रुपए की है। मधुबनी से बसपा प्रत्याशी विकास कुमार ने अपनी जायदाद 11 करोड़ 78 लाख रुपए से ज्यादा हलफनामे में घोषित की है। वहीं इनकी देनदारी भी तीन करोड़ 12 लाख रुपए बताई है। सीतामढ़ी लोकसभा क्षेत्र से जद (एकी) के उम्मीदवार देवेश चंद्र ठाकुर की संपत्ति आठ करोड़ 84 लाख 65 रुपए की है।

सारण लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार राजीव प्रता रूडी ने अपनी जायदाद आठ करोड़ 37 लाख रुपए बताई है। मधुबनी से भाजपा उम्मीदवार अशोक कुमार यादव की संपत्ति पांच करोड़ 85 लाख रुपये की दर्शाई है। लोजपा (र) से हाजीपुर (सुरक्षित) लोकसभा क्षेत्र के उम्मीदवार चिराग पासवान की संपत्ति दो करोड़ 68 लाख रुपए की है। मधुबनी से राजद उम्मीदवार मोहम्मद अली अशरफ फातमी की संपत्ति दो करोड़ 48 लाख रुपए की है। हाजीपुर (एससी) लोकसभा क्षेत्र से राजद उम्मीदवार शिवचंद्र राम की संपत्ति दो करोड़ 41 लाख रुपए बताई है।

जिन 27 उम्मीदवारों ने अपनी संपत्ति करोड़ से ज्यादा की बताई उनमें रोहिणी आचार्य, अजय निषाद, राजभूषण चौधरी, विकास कुमार, देवेशचंद्र ठाकुर, राजीव प्रताप रूड़ी, अशोक कुमार यादव, विजेंद्र कुमार, जितेंद्र कुमार, उपेंद्र साहनी, चिराग पासवान, अर्जुन राय, श्याम नंदन किशोर प्रसाद, शत्रुघ्न तिवारी, मनोरंजन कुमार, मो. अली अशरफ फातमी, शिवचंद्र राम, भोला सिंह, प्रभात कुमार, राजेंद्र महतो, अवधेश प्रसाद सिंह, आनंद कुमार, नंदकिशोर शर्मा, प्रकाश रंजन, सुधीर कुमार ओझा, धर्मेंद्र कुमार, राजू सिंह है।

पांचवें चरण में बिहार की पांच सीट पर 80 में से 35 निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। जिनमें पांच पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। राजद के पांच उम्मीदवारों में से एक पर, भाजपा के तीन चुनाव मैदान में उतरे में से एक पर और जद (एकी) और कांग्रेस के एक पर आपराधिक मामले चल रहे हैं। 15 उम्मीदवारों ने अपने हलफनामे में बताया है कि उन पर आपराधिक मामले चल रहे हैं। इसमें से 13 पर गंभीर आपराधिक मामले हैं। पांच पर हत्या के प्रयास, तीन उम्मीदवारों पर महिलाओं पर अत्याचार का मामला दर्ज है। जिसमें से एक उम्मीदवार पर बलात्कार का आरोप है।