छठे चरण के मतदान में बिहार की आठ लोकसभा सीट के चुनाव होंगे। ये सीटें बाल्मीकि नगर, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज, सीवान और महाराजगंज है। यहां 25 मई को मतदान होगा। इसमें 86 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है, जिनमें 35 धनबल के धनी है। बाहुबली की भी भरमार है।
नामांकन के साथ दायर अपने हलफनामे के मुताबिक 34 निर्दलीयों में से नौ उम्मीदवार भी करोड़पति की श्रेणी में आते है। इतना ही नहीं जद(एकी) के चार, राजद के चार, भाजपा के तीन , कांग्रेस के दो, वीआइपी के दो और लोजपा (र) के एक उम्मीदवार भी धनी है। इन धनबल का माद्दा रखने वाले उम्मीदवारों की औसत जायदाद 3 करोड़ 97 लाख रुपए आंकी गई है। एडीआर की रिपोर्ट भी इसकी पुष्टि करती है।
बाल्मीकिनगर से राजद उम्मीदवार दीपक यादव सबसे धनी प्रत्याशी हैं। इन्होंने अपनी संपत्ति 74 करोड़ 87 लाख रुपए से ज्यादा बताई है। 26 करोड़ 88 लाख रुपए की चल संपति और 47 करोड़ 99 लाख रुपए से अधिक की अचल संपत्ति है। दूसरे स्थान पर वैशाली से लोजपा (र) की प्रत्याशी वीणा देवी है। इनकी जायदाद 46 करोड़ 71 लाख रुपए की है। तीसरे नंबर पर महाराजगंज से कांग्रेस उम्मीदवार आकाश सिंह हैं। इनकी संपत्ति 36 करोड़ रुपए से ज्यादा है। ये बिहार कांग्रेस अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद अखिलेश्वर सिंह के बेटे है।
वैशाली से राजद टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं विजय कुमार शुक्ला उर्फ मुन्ना शुक्ला धनबल के साथ बाहुबली भी है। इनकी संपत्ति 27 करोड़ 89 लाख रुपए की है। इन पर 18 आपराधिक मामले दर्ज है। महाराजगंज से बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे जनार्दन सिंह सिग्रीवाल पर कुल पांच आपराधिक मामले चल रहे हैं। सिवान से चुनाव लड़ रहे जीवन कुमार पर कुल आठ आपराधिक मामले चल रहे हैं।
पश्चिम चंपारण के बीजेपी उम्मीदवार संजय जायसवाल पर कुल पांच मामले चल रहे हैं। शिवहर से राजद प्रत्याशी रितु जायसवाल पर दो मामले दर्ज है। वैशाली से चुनाव लड़ रहे विनोद कुमार शर्मा पर तीन आपराधिक मामले लिखे हैं। सीवान से राजद के टिकट पर चुनाव लड़ रहे अवध बिहारी चौधरी पर दो मामले चल रहे हैं। पूर्वी चंपारण से चुनाव लड़ रहे डा. राजेश कुमार पर पांच आपराधिक मामले चल रहे हैं।
सीवान से निर्दलीय उम्मीदवार हिना शहाब पर दर्ज दो मामले दर्ज है। ये बाहुबली मरहूम शहाबुद्दीन की बीबी है। कांग्रेस के टिकट पर महाराजगंज से चुनाव लड़ रहे आकाश पर तीन मामले चल रहे हैं। बाल्मीकि नगर से राजद से चुनाव लड़ रहे हैं दीपक यादव पर तीन मामले चल रहे हैं। वैशाली से लोजपा (र) से चुनाव लड़ रही वीणा देवी पर तीन मामले चल रहे हैं। बीजेपी के पश्चिम चंपारण से प्रत्याशी राधा मोहन सिंह पर दो मामले चल रहे हैं।
इस तरह 24 उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज है। जिनमें 22 पर गंभीर मामले चल रहे है। चार प्रत्याशियों पर हत्या और तीन पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है। आठ लोकसभा क्षेत्र में कुल 86 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे है। इनमें 34 निर्दलीय है। सात निर्दलीयों पर आपराधिक मामले चल रहे है। भाजपा के तीन उम्मीदवार चुनाव मैदान में है।
और तीनों पर आपराधिक मामले दर्ज है। राजद के चारों प्रत्याशी पर आपराधिक मामले चल रहे है। लोजपा (र) के एक प्रत्याशी चुनाव मैदान में है और इनपर भी आपराधिक मुकदमा दर्ज है। ध्यान रहे कि बाल्मीकिनगर से 10, पश्चिम चंपारण से 8, पूर्वी चंपारण से 12, शिवहर से 12, वैशाली से 15, गोपालगंज (सु) से 11, सीवान से 13, और महाराजगंज से 5 उम्मीदवार चुनावी जंग लड़ रहे है।