बिहार में आज फैसले का दिन है। दोपहर तक स्पष्ट हो जाएगा कि बिहार के लोगों ने किसके लिए मतदान किया है। बिहार के ज्यादातर एग्जिट पोल बता रहे हैं कि इस बार नीतीश कुमार की अगुआई वाले NDA को नुकसान होने वाला है। वहीं एग्जिट पोल यह भी दिखा रहे हैं कि तेजस्वी यादव के नेतृत्व में महागठबंधन नीतीश पर भारी पड़ रहा है लेकिन 243 सीटों वाली विधानसभा में हंग असेंबली की स्थिति भी आ सकती है। इस बार एग्जिट पोल में बीजेपी को बढ़त मिलती नजर आ रही थी।
क्या होती है हंग असेंबली
यह एक संसदीय व्यवस्था है। अगर चुनाव में किसी भी एक पार्टी या गठबंधन को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलता है तो इसे हंग असेंबली कहते हैं। इस स्थिति में दूसरी पार्टी से समर्थन हासिल करके ही सरकार बनाना संभव होता है। निर्दलीय विधायकों का बाहर से समर्थन लेकर भी सरकार बनाई जा सकती है। अगर कोई दल सरकार नहीं बना पाता है तो यहां राष्ट्रपति शासन लगा दिया जाता है। इसका ताजा उदाहरण 2019 में हुए महाराष्ट्र चुनाव थे।
बिहार में क्या होगा?
मतदान के बाद किए गए बहुत सारे सर्वे बता रहे हैं कि एनडीए 104 से 128 सीटें जीत सकता है। वहीं महागठबंधन के खाते में 110 से 130 सीटें जा सकती हैं। एबीपी सी वोटर के सर्वे की बात करें तो जेडीयू को 38 से 46 सीटें मिल सकती हैं। हालांकि अभी पार्टी के पास 67 विधायक हैं। वहीं बीजेपी को 55-74 सीटें मिल सकती हैं। अभी बीजेपी के पास 53 विधायक हैं। इस सर्वे के मुताबिक महागठबंधन को 108 से 131 सीटें मिल सकती हैं। अगर ऐसा होता है तो एनडीए और महागठबंधन दोनों ही बहुमत के आंकड़े से दूर रह जाएंगे और हंग असेंबली की स्थिति आ जाएगी।
क्या बता रहे है पटना का माहौल?
पटना में बीजेपी और जेडीयू के दफ्तर का माहौल बहुत कुछ कह रहा है। टीवी रिपोर्ट्स के मुताबिक जेडीयू और बीजेपी दोनों के ही दफ्तरों के बाहर ज्यादा रौनक दिखाई नहीं दी। वहीं राबड़ी देवी के आवास पर लोगों को जमावड़ा है और वे जीत के प्रति आश्वस्त नजर आ रहे हैंं। इससे पहले तेजस्वी के जन्मदिन पह भी उनके आवास पर जश्न का माहौल था। तेजस्वी का पूरा परिवार उनकी ताजपोशी का इंतार कर रहा है।