बिहार चुनाव में अब एक हफ्ते से भी कम समय बचा है। इस बीच लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) नेता चिराग पासवान ने पार्टी का घोषणापत्र लॉन्च कर दिया है। इसमें उन्होंने वादा किया है कि अगर लोजपा सत्ता में आती है तो राज्य में राजस्थान के कोटा, दिल्ली के मुखर्जी नगर और उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जैसे कोचिंग सिटी (एजुकेशन हब) बनाए जाएंगे, ताकि बिहार के छात्रों को प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए राज्य के बाहर न जाना पड़े। इसके अलावा राज्य में एक सीता मंदिर बनाने का भी वादा किया गया है, जिससे वैश्विक मैप पर बिहार की अलग छवि बनेगी।
लोजपा के घोषणापत्र में कहा गया है कि बिहार की कोचिंग सिटी में छात्रों के लिए रहने के साथ लाइब्रेरी की व्यवस्था होगी। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों के लिए सीट रिजर्व रखी जाएंगी। इतना ही नहीं चिराग ने सरकारी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त सेवा का ऐलान किया है। इसके अलावा नौकरशाही में बदलाव करने की बात कही है।
पासवान ने पटना में घोषणापत्र लॉन्च करते हुए कहा, “आज हम बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट का विजन आगे रख रहे हैं, जिससे बिहार की सभी समस्याओं का निवारण हो होगा।” मैनिफेस्टो में अन्य वादों में कहा गया है कि वे ऐसा ऑनलाइन पोर्टल तैयार कराएंगे, जिससे नौकरी देने वाली कंपनियां नौकरी ढूंढ रहे लोगों से जुड़ पाएंगी। इसके अलावा महिलाओं के लिए हर ग्राम पंचायत मुख्यालय और ब्लॉक हेडक्वार्टर में अलग शौचालय की व्यवस्था भी की जाएगी।
घोषणापत्र में वादा किया गया है कि सरकारी विभाग के सभी पदों को जल्दी भरा जाएगा। राज्य सरकार में कॉन्ट्रैक्ट में काम कर रहे कर्मचारियों को नियमित किया जाएगा। इसके अलावा बाढ़ और सूखे की समस्या से निपटने के लिए राज्य की सभी नदियों को नहरों से जोड़ा जाएगा। बता दें कि लोजपा इस बार एनडीए से अलग होकर चुनाव लड़ रही है। ऐसे में वे भी लगातार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमले करने में जुटे हैं।
