उत्तर प्रदेश में भारत जोड़ो न्याय यात्रा को सपा प्रमुख अखिलेश यादव की वजह से एक बड़ी संजीवनी मिल गई है। उस संजीवनी के तहत अखिलेश ने खुद यात्रा में शामिल होने की बात कह दी है। जैसे ही दोनों पार्टियों के बीच में लोकसभा चुनाव को लेकर सीट शेयरिंग फाइनल हुई, सपा प्रमुख की तरफ से भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर भी हरी झंडी दिखा दी गई है।
बताया जा रहा है कि आगरा में जब भारत जोड़ो न्याय यात्रा पहुंचेगी, तो अखिलेश यादव भी उसमें शामिल होंगे। सपा प्रमुख ने पहले ही साफ कर दिया था कि अगर समय रहते सीट शेयरिंग हो गई तो समाजवादी पार्टी भी यात्रा का हिस्सा बनेगी। इससे पहले तक क्योंकि डील फाइनल नहीं हो पा रही थी, ऐसे में अखिलेश के आने पर भी सस्पेंस बना हुआ था। लेकिन सीट फाइनल होते ही सारा सस्पेंस खत्म हो गया और अखिलेश ने भी यात्रा में शामिल होने के लिए हामी भर दी।
जानकारी के लिए बता दें कि दोनों पार्टियों ने INDIA गठबंधन के तहत बुधवार को प्रदेश में सीट बंटवारे की औपचारिक घोषणा कर दी, जिसके तहत राज्य की 80 सीट में से कांग्रेस रायबरेली और अमेठी सहित 17 सीट पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। कांग्रेस 17 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि राज्य की बाकी 63 सीटों पर सपा और गठबंधन के अन्य सहयोगी दलों के उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे।
सपा प्रदेश अध्यक्ष पटेल ने कहा कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश में रायबरेली, अमेठी, कानपुर नगर, फतेहपुर सीकरी, बांसगांव, सहारनपुर, प्रयागराज, महराजगंज, वाराणसी, अमरोहा, झांसी, बुलंदशहर, गाजियाबाद, मथुरा, सीतापुर, बाराबंकी और देवरिया सहित 17 सीट पर चुनाव लड़ेगी।