पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव हुए थे। चार राज्य में वोटों की गिनती आज हो रही है। चार राज्यों में से तीन में बीजेपी की सरकार बन रही है तो वहीं एक में कांग्रेस पार्टी की सरकार बन रही है। राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भाजपा भारी बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है। तो वहीं तेलंगाना में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने वाली है।

नॉर्थ इंडिया में कांग्रेस हुई कमजोर

राजस्थान और छत्तीसगढ़ में पहले कांग्रेस पार्टी की सरकार थी लेकिन अब दोनों ही राज्यों में बीजेपी ने प्रचंड बहुमत से वापसी की है। बड़ा सवाल यह उठता है कि उत्तर भारत में कांग्रेस अब कहां-कहां बची हुई है? अगर हम देखें तो कांग्रेस पार्टी अपने दम पर केवल हिमाचल प्रदेश में सरकार में है। वहीं बिहार और झारखंड में कांग्रेस पार्टी गठबंधन का हिस्सा है।

अपने दम पर कांग्रेस इन राज्यों में

दक्षिण भारत में कांग्रेस पार्टी के खाते में एक और राज्य की बढ़ोतरी हुई है। कांग्रेस पार्टी ने तेलंगाना में जबरदस्त जीत हासिल की है। अब कांग्रेस पार्टी की अपने दम पर कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश और तेलंगाना में सत्ता होगी। कर्नाटक और तेलंगाना दक्षिण भारत के राज्य हैं।

पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन किया है। बीजेपी ने राजस्थान और छत्तीसगढ़ कांग्रेस से छीना है। वर्तमान में बीजेपी की उत्तराखंड, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, गुजरात, गोवा, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश में सत्ता में है। जबकि मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भी पार्टी सत्ता में आ रही है। यानी केवल अपने दम पर बीजेपी की 12 राज्यों में सरकार है।

महाराष्ट्र समेत इन चार राज्यों में बीजेपी की गठबंधन सरकार

सिर्फ यही नहीं चार राज्यों में भाजपा गठबंधन में सरकार में है। इन चार राज्यों में महाराष्ट्र, मेघालय, नगालैंड और सिक्किम शामिल है। महाराष्ट्र काफी बड़ा राज्य है। बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी है। हालांकि राज्य के मुख्यमंत्री शिवसेना के एकनाथ शिंदे हैं। लेकिन महाराष्ट्र में सबसे अधिक मंत्री भाजपा के हैं।

मध्य प्रदेश में भाजपा 164 सीटों पर आगे चल रही है। तो वहीं छत्तीसगढ़ में 56 सीटों पर आगे चल रही है। राजस्थान में बीजेपी 117 सीटों पर आगे चल रही है। तीनों ही राज्यों में भाजपा अकेले दम पर सरकार बना रही है।