दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल इन दिनों अपनी पार्टी और इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों के प्रचार में व्यस्त हैं। बुधवार को न्यूज एजेंसी PTI को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन में पीएम पद को लेकर कोई चर्चा नहीं है। इस टॉपिक पर चुनाव परिणाम के बाद बात होगी।
जब उनसे सवाल किया गया कि क्या वो पीएम पद की दावेदारी करेंगे तो उन्होंने जवाब दिया, “इंडिया गठबंधन के जीतने पर मेरी अगला पीएम बनने की कोई मंशा नहीं है। आम आदमी पार्टी एक छोटी पार्टी है, जो सिर्फ 22 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ रही है।”
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उनकी भारत का अगला पीएम बनने की कोई मंशा नहीं है। वह सिर्फ देश और लोकतंत्र को वर्तमान तानाशाही से बचाना चाहते हैं। पीटीआई वीडियोज को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि अगर बीजेपी सत्ता में वापस आई तो सभी विपक्षी नेता जेल में होंगे और चुनाव हाईजैक कर लिए जाएंगे।
बीजेपी का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि वर्तमान लोकसभा चुनाव देश तानाशाही से देश और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है। अगर वो सत्ता में वापस आए तो लोकतंत्र को खत्म कर देंगे। देश में चुनाव नहीं होंगे और हुए तो ऐसे जिस तरह से रूस में होते हैं। पुतिन ने या तो पूरी विपक्ष को जेल में भेज दिया या फिर उन्हें खत्म कर दिया और फिर चुनाव करवाए और 87% वोट मिले।
‘इंडिया’ गठबंधन सत्ता में आया तो दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा मिलेगा’
अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को मालवीय नगर मेें एक रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अगर चार जून को विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के सत्ता में आने के बाद राष्ट्रीय राजधानी को पूर्ण राज्य का दर्जा मिलेगा। केजरीवाल ने कहा, ‘‘जैसे ही हम सरकार बनाएंगे तो सबसे पहला काम दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाना होगा।’’