इंडिया गठबंधन के बीच 2024 लोकसभा चुनाव से पहले सीटों का बंटवारा आसान नहीं होगा। पंजाब और दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार है। यहां कांग्रेस भी प्रमुख दलों में शामिल है। ये दोनों दल इंडिया गठबंधन का हिस्सा है और इन दोनों ही दलों के नेता दोनों राज्यों की सभी लोकसभा सीटों पर अपना दावा कर रहे हैं। अब खुद दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने पंजाब की लोकसभा सीटों को लेकर लेकर बड़ा बयान दिया है।

अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के गुरुदास में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा, “सबसे पहले हम 2014 में लोकसभा चुनाव लड़े थे, हमारी 4 सीटें आईं थीं। 2019 में एक सीट आई थी। इस बार जितना प्यार और आशीर्वाद आप लोगों का मिल रहा है, मेरा भी दिल कहता है गुरुजी महाराज के आशीर्वाद से इस बार 13 में से 14 सीटें आएंगी आम आदमी पार्टी की पंजाब के अंदर।”

दरअसल अरविंद केजरीवाल पंजाब की 13 लोकसभा सीटों के अलावा UT चंडीगढ़ की एक लोकसभा सीट के बारे में बात कर रहे थे। पंजाब में साल 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने राज्य की एकमात्र संगरूर सीट पर जीत दर्ज की थी। हालांकि भगवंत मान के सीएम बनने के बाद आम आदमी पार्टी उपचुनाव में इस सीट को हार गई। 2019 में पंजाब में बीजेपी 2, कांग्रेस 7 व शिरोमणि अकाली दल 2 सीटों पर जीती थी।

आपको बता दें कि पंजाब के अलावा दिल्ली में दोनों ही पार्टियों के नेता सभी लोकसभा सीटों पर दावा जता रहे हैं, इसी वजह से टिकट बंटवारे के दौरान दोनों दलों में रार की प्रबल संभावना भी है। दिल्ली में लोकसभा की 7 सीटें हैं। इन सातों सीटों पर बीजेपी का कब्जा है। साल 2019 के अलावा साल 2014 में बीजेपी ने दिल्ली की सातों सीटों पर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस को बड़े मार्जिन से मात दी थी।