Andhra Pradesh Assembly Election Date 2024: पूरे देश में इस समय लोकसभा चुनाव का शोर है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख से लेकर कन्याकुमारी तक देश में इस बात पर जमकर सियासी चर्चाएं हो रही हैं कि लोकसभा चुनाव 2024 में सत्ता किसके हाथ लगेगी और कौन दिल्ली की कुर्सी पर काबिज होगा। लोकसभा चुनाव के साथ ही देश में चार राज्यों में विधानसभा का चुनाव भी हो रहा है। ये चार राज्य हैं आंध्र प्रदेश, ओडिशा, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश।

आंध्र प्रदेश में लोकसभा चुनाव के साथ ही विधानसभा चुनाव के लिए भी वोटिंग होगी। राज्य में आज (18 अप्रैल 2024) से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आइए आपको बताते हैं आंध्र प्रदेश में विधानसभा चुनाव का पूरा शेड्यूल।

आंध्र प्रदेश में विधानसभा की कितनी सीटें?

आंध्र विधानसभा में विधानसभा की कुल 175 सीटें हैं। इस चुनाव के लिए सभी 175 विधानसभा सीटों पर 18 अप्रैल से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। चुनाव लड़ने के लिए नामांकन 25 अप्रैल 2024 तक किए जा सकेंगे। इसके बाद 26 अप्रैल को स्क्रूटनी की प्रक्रिया होगी और 29 अप्रैल तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे।

किस दिन डाले जाएंगे वोट और कब आएगा परिणाम?

आंध्र प्रदेश में 13 मई को वोट डाले जाएंगे यानी 11 मई को चुनावी शोर थम जाएगा। आंध्र प्रदेश में लोकसभा की 25 सीटें हैं। राज्य में लोकसभा और विधानसभा के लिए चुनाव एकसाथ ही एक फेज में 13 मई को हो रहा है। लोकसभा चुनाव के परिणाम के साथ ही आंध्र प्रदेश में विधानसभा चुनाव के परिणाम भी घोषित किए जाएंगे। राज्य में सीएम की कुर्सी पर कौन बैठेगा, इसका फैसला भी 4 जून को ही हो जाएगा।

आंध्र प्रदेश में पिछली बार क्या थे परिणाम? (Andhra Pradesh Assembly Elections 2019 Results)

साल 2019 में आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव में वाई एस जगनमोहन रेड्डी की पार्टी वाएसआर कांग्रेस ने प्रचंड जीत हासिल की थी। उनकी पार्टी को राज्य की 175 सीटों में से 151 पर जीत मिली थी जबकि चंद्रबाबू नायडू की पार्टी टीडीपी सिर्फ 23 सीटों पर सिमट गई थी। टीडीपी को इस चुनाव में 79 विधानसभा सीटों का नुकसान हुआ था। राज्य में कांग्रेस ने 174 सीटों पर चुनाव लड़ा था लेकिन उसका खाता नहीं खुला था। यही हाल बीजेपी का भी था। बीजेपी ने 173 सीटों पर चुनाव लड़ा लेकिन राज्य में उसे एक भी सीट पर जीत न मिली।

पार्टीसीट
वाई एस आर कांग्रेस151 (+84)
टीडीपी23 (-79)
कांग्रेस0
बीजेपी0 (-4)