गुजरात में भाजपा फिर सत्‍ता हासिल करने की ओर अग्रसर है। गुजरात में अब तक 93 सीटों के नतीजे आए हैं। भाजपा ने 46, कांग्रेस ने 47 और अन्‍य ने 4 सीटें जीत ली हैं। शेष सीटों पर चुनाव परिणाम कुछ देर में घोषित कर दिए जाएंगे। वहीं अगर कुल सीटों की बात करें तो बीजेपी 99 कांग्रेस 80 और अन्य 3 सीटों पर आगे चल रहे हैं। 2012 में हुए विधानसभा चुनावों में बीजेपी को 115 सीटें मिली थीं वहीं कांग्रेस के खाते में 61 सीटें आई थीं। इस बार के नतीजों में बीजेपी को लगभग 15 सीटों का नुकसानम हुआ है तो वहीं कांग्रेस 20 सीटों के फायदे पर है। हिमाचल प्रदेश में भी भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनना तय है। यहां की 68 सीटों में से 43 पर बीजेपी जीतती नजर आ रही है।

दोनों राज्यों में मिली हार के बाद इलाहाबाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ईवीएम हैक होने की बात कहते हुए प्रदर्शन किया है। ईटीवी की खबर के मुताबिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बेहद अनूठे तरीके से ईवीएम मशीन पर फूल माला चढ़ाकर औऱ अगरबत्ती दिखा कर पूजा अर्चना की। प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों के हाथ में प्लेकार्ड भी थे जिसपर लिखा था- हैक हुई EVM मइया तुम्हें बचाऊं कैसे। कुछ प्लेकार्ड्स पर ये भी लिखा था कि मोदी जी का जैक, EVM मइया हैक।

आपको बता दें कि इस साल यूपी विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद से ही ईवीएम मशीन हैक होने की बातों ने जोर पकड़ा था। गुजरात चुनाव से पहले भी ईवीएम हैकिंग की आशंका कईं नेताओं ने जताई थी। चुनाव परिणाम आने के बाद भी पाटीदार आंदोलन के युवा नेता हार्दिक पटेल ने बीजेपी पर ईवीएम टेम्परिंग का आरोप लगाया है।