मणिपुर चुनाव के लिए कांग्रेस ने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। वहीं चुनाव आयोग ने पांच चुनावी राज्यों में रैलियों और रोड शो पर लगे प्रतिबंधों को अब और आगे बढ़ा दिया है। अब ये प्रतिबंध 31 जनवरी तक जारी रहेंगे, उसके बाद आयोग इस पर फैसला लेगा। चुनाव आयोग ने इस महीने की शुरुआत में देश में कोरोना के मामलों में वृद्धि के कारण यह प्रतिबंध लगाया था।
यह घोषणा चुनाव आयोग द्वारा केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रतिनिधियों, पांच चुनावी राज्यों के मुख्य चुनाव अधिकारियों और अन्य लोगों के साथ अपने फैसले की समीक्षा करने के बाद हुई है। हालांकि, चुनाव आयोग ने शनिवार को राजनीतिक दलों के लिए कुछ ढील का भी ऐलान किया। इसके तहत पहले चरण के चुनाव के लिए 28 जनवरी के बाद पार्टियां या उम्मीदवार रैली कर सकते हैं। वहीं दूसरे चरण के लिए एक फरवरी से रैलियों को लेकर छुट दी गई है। इसमें अधिकतम 500 लोगों या मैदान की क्षमता के 50 प्रतिशत के हिसाब से रैली की जा सकती है। डोर-टू-डोर कैंपेन के लिए अधिकतम लोगों की संख्या पांच से बढ़ाकर दस कर दी गई है। प्रचार के लिए वीडियो वैन को खुले स्थानों पर अनुमति दी गई है, बशर्ते कि कोविड मानदंडों का पालन किया जाए।
यूपी विधानसभा चुनाव के लिए गृह मंत्री अमित शाह ने एक बार फिर से अपना चुनावी अभियान शुरू कर दिया है। भाजपा नेता ने कैराना में शनिवार को डोर-टू-डोर कैंपेन किया और पार्टी के लिए वोट मांगे। वहीं ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम ने यूपी में बाबू सिंह कुशवाहा की पार्टी के साथ गठबंधन करने का ऐलान किया है।
इसके अलावा पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस की राज्य इकाई में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की घोषणा किए जाने की मांग लगातार बढ़ रही है और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूदा मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को अपना समर्थन दे रहे हैं।
कांग्रेस आला कमान का अभी तक यही कहना है कि पार्टी 117 सदस्यीय विधानसभा के लिए 20 फरवरी को होने वाला चुनाव ‘‘सामूहिक नेतत्व’’ में लड़ेगी, लेकिन इसकी राज्य इकाई के कई नेताओं की मांग है कि इस मामले पर स्थिति को शीघ्र अति शीघ्र स्पष्ट किया जाना चाहिए। वरिष्ठ नेता एवं मंत्री ब्रह्म मोहिंद्रा, कांग्रेस नेता राणा गुरजीत सिंह कैबिनेट मंत्री तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा और शाहकोट से विधायक हरदेव सिंह लाडी शेरोवालिया समेत कई नेता ने चन्नी को मुख्यमंत्री बनाए जाने का समर्थन किया है।
इसी बीच बीएसपी ने उत्तरप्रदेश विधानसभा के दूसरे चरण के लिए 51 उम्मीदवारों के नाम की सूची जारी कर दी है। दूसरे चरण के उम्मीदवारों के नाम का ऐलान करते हुए मायावती ने विधानसभा चुनाव के लिए हर पोलिंग बूथ को जिताना है, बसपा को सत्ता में लाना है का नारा दिया। उन्होंने कहा कि मुझे पूरा भरोसा है कि बसपा कार्यकर्ता पार्टी को 2007 की तरह सत्ता में लाने में पूरी मेहनत करेंगे।
बसपा ने सहारनपुर जिले की 7 विधानसभा, बिजनौर की 8 सीट, मुरादाबाद की 6, संभल की 4, रामपुर की 5 सीट, अमरोहा की 4 सीट, बदायूं की 6 सीट, बरेली की 6 सीट और शाहजहांपुर की पांच सीटों के लिए उम्मीदवार की घोषणा की है।
Assembly Elections 2022 Live Updates: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले अब भाजपा बड़े स्तर पर प्रचार अभियान शुरू करने जा रही है। वहीं अखिलेश यादव कई बड़ी रैलियां कर सकते हैं।
भारत का सबसे लंबा आदमी होने का दावा करने वाले धर्मेंद्र प्रताप सिंह समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। वह यूपी के प्रतापगढ़ के रहने वाले हैं।
गोवा के पूर्व सीएम लक्ष्मीकांत पारसेकर ने बीजेपी से इस्तीफा दे दिया है। आगामी चुनाव के लिए बीजेपी ने उन्हें टिकट नहीं दिया था, जिससे नाराज होकर उन्होंने पार्टी छोड़ दी है।
समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान ने प्रचार के लिए सुप्रीम कोर्ट में अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल की है। उनका कहना है कि वो प्रचार के लिए जेल से बाहर आना चाहते हैं। अखिलेश ने उन्हें रामपुर से टिकट दिया है। आजम खान नौ बार रामपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं। वह उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रहे हैं। मौजूदा दौर में सपा उनके साथ मजबूती से खड़ी दिख रही है। आजम खान के खिलाफ भूमि अतिक्रमण और आपराधिक धमकी से संबंधित 80 मामले दर्ज हैं। इसके अलावा उनके जौहर ट्रस्ट के खिलाफ जमीन हड़पने के कई मामले दर्ज हैं। फरवरी 2020 में उन्हें, पत्नी और बेटे के साथ फर्जी जन्म प्रमाणपत्र मामले में जेल भेज दिया गया। फिलहाल सपा चीफ अखिलेश ने उन्हें रामपुर से मैदान में उतारा है। उनके बेटे को भी सपा ने टिकट दिया है।
टीएमसी ने गोवा विधानसभा चुनाव के लिए अपनी दूसरी सूची जारी कर दी है। इसमें सात उम्मीदवारों का नाम शामिल है। इससे पहले पार्टी ने 11 नामों की घोषणा की थी, जिसमें दो पूर्व सीएम लुइज़िन्हो फलेरियो और चर्चिल अलेमो शामिल थे। टीएमसी ने अब तक कुल 18 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित किए हैं।
मणिपुर विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने 40 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। सूची के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री ओकराम इबोबी सिंह थौबल निर्वाचन क्षेत्र से चुनावी मैदान में उतरेंगे।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने जसवंतनगर सीट से अपने चाचा शिवपाल यादव को उम्मीदवार बनाया है। शिवपाल यादव कई सालों से इसी सीटे से विधायक है। हालांकि पहले कहा जा रहा था कि उनका बेटा इस सीट से चुनाव लड़ेगा।
पंजाब के पूर्व सीएम और पंजाब लोक कांग्रेस के मुखिया कैप्टन अमरिंदर सिंह रविवार 23 जनवरी को दोपहर 2 बजे पार्टी उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी करेंगे।
चुनाव आयोग ने पांच चुनावी राज्यों में रैलियों और रोड शो पर लगे प्रतिबंधों को 31 जनवरी तक के लिए बढ़ा दिया है।
गोवा कांग्रेस के सभी उम्मीदवारों ने मतदाताओं और पार्टी के प्रति वफादारी का संकल्प लेने के लिए महालक्ष्मी मंदिर और बम्बोलिम क्रॉस चर्च का दौरा किया। यहां उन्होंने कसम खाई कि वे पार्टी नहीं बदलेंगे। 2017 के चुनावों के बाद, कांग्रेस के लगभग 13 विधायक भाजपा में शामिल हो गए थे।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने नगीना, बिजनौर और मुजफ्फरनगर के पार्टी नेताओं के साथ बैठक की और आगामी चुनाव के लिए तैयारियों का जायजा लिया।
बरेली की पूर्व मेयर और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुप्रिया आरोन शनिवार को अखिलेश यादव की उपस्थिति में समाजवादी पार्टी में शामिल हो गईं। वह बरेली कैंट सीट से आगामी चुनाव लड़ेंगी। कांग्रेस ने भी इन्हें इसी सीट से प्रत्याशी बनाया था, लेकिन इसके बाद भी वो कांग्रेस छोड़ सपा में शामिल हो गईं।
गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता लक्ष्मीकांत पारसेकर ने बीजेपी को अलविदा कहने का फैसला किया है। इन्हें अगले महीने होने वाले राज्य विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी ने टिकट नहीं दिया था। उन्होंने शनिवार को कहा कि वह सत्तारूढ़ दल से इस्तीफा दे देंगे। पीटीआई से बात करते हुए, 65 वर्षीय नेता ने कहा कि वह पार्टी में नहीं रहना चाहते हैं और आज शाम तक औपचारिक रूप से अपना इस्तीफा सौंप देंगे।
गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को कैराना पहुंचे। जहां उन्होंने डोर-टू-डोर कैंपेन करके भाजपा के लिए वोट मांगा।
यूपी चुनाव के लिए ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम ने बाबू सिंह कुशवाहा और भारत मुक्ति मोर्चा के साथ गठबंधन का ऐलान कर दिया है। पूरी खबर पढ़ें…
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि चुनाव के मद्देनजर जनता के लिए कुछ फैसले लिए गए हैं। जिसमें 300 यूनिट मुफ़्त बिजली, किसान के खेतों की सिचांई के लिए मुफ़्त बिजली दी जाएगी है। हमारी सरकार बनती है तो हम IT सेक्टर में 22 लाख नौजवानों को रोजगार देंगे।
शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ,उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने लखनऊ में चुनावी अभियान रथ को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 के पहले प्रदेश में व्यापारी और अन्य लोग पलायन करते थे, लेकिन 2017 के बाद अपराधी पलायन कर रहे हैं, प्रदेश प्रगति की एक नई प्रतिमान स्थापित करते हुए आज देश की अग्रणी अर्थव्यवस्था के रूप में प्रदेश के लोगों के जीवन में खुशहाली लाने के दृश्य में आगे बढ़ रही है।
एटा सदर विधानसभा क्षेत्र के सकीट ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले कुल्ला हबीबपुर गांव के निवासियों ने सामूहिक रूप से चुनाव का बहिष्कार करने की घोषणा करते हुए विरोध प्रदर्शन किया है। प्रदर्शन के दौरान वे रोड नहीं तो वोट नहीं का नारा लगाते हुए नजर आए। मुख्यालय स्थित कांशीराम कालोनी में जलभराव की समस्या को लेकर वहां के नागरिकों ने भी समस्या के समाधान न होने तक मतदान का बहिष्कार करने की घोषणा की है। दोनों ही स्थानों पर लोगो ने बहिष्कार किये जाने के बैनर लगाकर एलान किया है। इस बारे में उप जिलाधिकारी (सदर) शिव कुमार सिंह ने बताया कि एटा की कांशीराम कॉलोनी में जल भराव की समस्या को लेकर वहां के नागरिकों ने विरोध प्रदर्शन किया है साथ ही चुनाव के बहिष्कार की बात कही जा रही है। उल्लेखनीय है कि एटा सदर सीट से भाजपा के विपिन वर्मा डेविड मौजूदा विधायक हैं, जिन्हें पार्टी ने दोबारा मैदान में उतारा है।
पंजाब: अमृतसर में पंजाब में आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री उम्मीदवार भगवंत मान ने स्वर्ण मंदिर में अरदास की। pic.twitter.com/b24BMkR36s
— ANI_HindiNews (@AHindinews) January 22, 2022
आगामी उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम बाबु सिंह कुशवाहा की जन अधिकार पार्टी के साथ गठबंधन कर सकती है। माना जा रहा है कि आज होने वाले प्रेस कांफ्रेंस के दौरान इसका ऐलान हो सकता है।
भाजपा ने कानपुर के पूर्व पुलिस आयुक्त असीम अरुण को कन्नौज सुरक्षित सीट से उम्मीदवार बनाया है। असीम अरुण हाल ही में भाजपा में शामिल हुए थे। उन्होंने भाजपा में शामिल होने के लिए वीआरएस लिया है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को पश्चिमी उत्तरप्रदेश के कैराना में जनसंपर्क अभियान करेंगे। इसके बाद बागपत और शामली जिले के कार्यकर्ताओं से बैठक करेंगे। बाद में मेरठ में भी एक बैठक को संबोधित करेंगे।
शिवसेना नेता संजय राउत ने कटाक्ष करते हुए कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका जी से मेरी कई बार बात हुई लेकिन उन्हें समझ नहीं आ रहा। इतना आत्मविश्वास उनके पास कहां से आ रहा है मुझे ये नहीं समझ आता। अगर ऐसा है तो उनसे आत्मविश्वास उधार लेना पड़ेगा। कांग्रेस को लगता है कि वे अकेले बहुमत के साथ जीत जाएंगे।
अखिलेश यादव जिस करहल विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। वहां यादव सबसे ज्यादा हैं। यहां कुल वोटर 3 लाख 71 हज़ार के करीब हैं। इसमें 1 लाख 44 हज़ार यादव, 34 हज़ार शाक्य, 25 हज़ार राजपूत, 33 हज़ार जाटव, 16 हज़ार पाल, 14 हज़ार ब्राह्मण,14 हज़ार मुस्लिम और 10 हज़ार लोधी वोटर हैं।
प्रियंका गांधी ने कांग्रेस के अकेले चुनाव लड़ने को लेकर कहा कि जब एक पार्टी 400 सीटों में से सिर्फ 100 या 200 सीटों पर चुनाव लड़ती है तो ये बात साफ है कि पार्टी जिन सीटों पर चुनाव नहीं लड़ती है उन सीटों पर वो कमजोर होती जाती है। हमारी पार्टी के लिए अकेले चुनाव लड़ना और अपनी पार्टी को सशक्त बनाना बहुत जरूरी था।
बहुजन समाज पार्टी से दो बार विधायक रह चुके श्रीभगवान शर्मा ऊर्फ गुड्डू पंडित ने आरोप लगाया है कि पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के बेटे के कहने पर अखिलेश यादव नीत समाजवादी पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया है।
शिवसेना की टिकट पर देबाई विधानसभा सीट से शुक्रवार को नामांकन भरने के बाद पंडित ने आरोप लगाया कि कल्याण सिंह के बेटे व एटा से भाजपा सांसद राजवीर सिंह उन्हें कभी से पसंद नहीं करते थे और उन्होंने सुनिश्चित किया कि उन्हें सपा से टिकट ना मिले। इस प्रतिद्वंद्विता का कारण समझाते हुए शर्मा ने बताया कि उन्होंने 2007 और 2012 के विधानसभा चुनावों में सिंह को बुरी तरह हराया था। उसके बाद से ही सिंह कथित तौर पर उन्हें नापसंद करने लगे थे।
बीजेपी ने उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए जारी तीसरी सूची में कई दलबदलुओं को टिकट दिया है। भाजपा ने हाल ही में कांग्रेस छोड़ने वाली अदिति सिंह को रायबरेली से, मुलायम सिंह यादव के समधी हरिओम यादव को सिरसागंज से, कांग्रेस के बागी राकेश सिंह को हरचंदपुर, सपा छोड़कर आने वाली सलोना कुशवाहा को तिलहर से उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा भी कई सीट पर भी दूसरे दलों से आने वाले नेताओं को टिकट दिया गया है।
बीजेपी ने उत्तरप्रदेश की बिधूना सीट से मौजूदा विधायक विनय शाक्य की बेटी रिया शाक्य को उम्मीदवार बनाया है। विनय शाक्य बीते दिनों भाजपा का साथ छोड़ सपा का दामन थाम चुके हैं। हालांकि समाजवादी पार्टी ने अभी तक बिधूना से अपने उम्मीदवार घोषित नहीं किए हैं।
भाजपा ने आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी कुमार शर्मा को पठानकोट से अपना उम्मीदवार बनाया है। शुक्रवार को भाजपा ने प्रेस रिलीज जारी कर यह सूचना दी।
उत्तराखंड कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी के प्रमुख अविनाश पांडे ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि मैं उम्मीद करता हूं कि कांग्रेस अध्यक्ष की मुहर लग कर हम कल अधिकांश सीटों पर नाम घोषित कर सकते हैं। हरीश रावत चुनाव लड़ेंगे तो पार्टी को ताकत मिलेगी, उन्होंने स्पष्ट किया हुआ है कि अगर पार्टी कहती है तो वो चुनाव लड़ेंगे।