लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर उत्तर प्रदेश के सभी सियासी दलों की तैयारियां जोरों पर हैं। साल 2014 के बाद से उत्तर प्रदेश में हर बड़े चुनाव में बीजेपी को अन्य दलों से ज्यादा सफलता मिली है। राज्य में पिछले विधानसभा चुनाव में सपा का भी ग्राफ बढ़ा लेकिन वो सत्ता से बहुत दूर थी। अब सपा के मुखिया के अखिलेश यादव ने न्यूज चैनल NDTV से बातचीत में आगामी लोकसभा में PDA फॉर्मूले के इस्तेमाल की बात की है।

समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव (Samajwadi Party Chief Akhilesh Yadav) ने यूपी की राजधानी लखनऊ में हुए NDTV के एक कार्यक्रम में अपनी पार्टी के PDA फॉर्मूले पर बात की। उन्होंने कहा कि वो PDA फॉर्मूले (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) से बीजेपी को हराएंगे। इस दौरान अखिलेश ने कहा कि उत्तर प्रदेश के लिए उनका एकमात्र नारा है, ’80 हराओ, बीजेपी हटाओ।’

गठबंधन पर एक सवाल को लेकर उन्होंने कहा कि 2024 के लिए उनका नारा है ’80 हराओ, बीजेपी हटाओ’। उन्होंने कहा कि सपा की तरफ से सभी विपक्षी दलों को इसमें शामिल होने का न्योता दिया गया है। सपा ने बहुत गठबंधन किए हैं। हमने खुद बड़ा दिल करके सभी दलों का साथ लाने का काम किया। 2017 में सपा ने कांग्रेस के साथ गठबंधन किया, 2022 में भी छोटे दलों के साथ गठबंधन किया, 2019 में बसपा के साथ गठबंधन किया। अब ये और दलों की जिम्मेदारी बनती है कि बड़े दिल से सपा का साथ दें। अगर ऐसा हुआ तो बीजेपी 80 सीटें यूपी हारेगी।

सीट बंटवारे (Seat Distribution) को लेकर उन्होंने कहा कि जितने भी नेताओं से बात हुई यही निष्कर्ष निकला कि जो दल जहां मजबूत है, उसी दल के तहत महागठबंधन होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब भी सपा ने गठबंधन किया है कभी भी आपस में सीटों को लेकर लड़ाई नहीं हुई है। इस बार PDA- पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक NDA को हरा देगा।

कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने योगी-मोदी सरकार (Yogi Modi Government) पर बड़ा बोलते हुए कहा कि गरीब के लिए आज भी वही बुनियादी सवाल है- पढ़ाई अच्छी मिले, इलाज मिले, तकलीफें कम हो जाएं। दावे बड़े-बड़े हो रहे हैं लेकिन सरकार बता दे कि अगर राज्य में एक भी नया जिला अस्पताल बना हो। उन्होंने कहा कि बीजेपी के लोग चुनाव में लूट करते हैं, बेईमानी करते हैं।