लोकसभा चुनाव में इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एनडीए के लिए 400 पार का लक्ष्य सेट कर दिया है, जोर देकर कहा गया है कि बीजेपी को अपने दम पर भी 370 से ज्यादा सीटें जीतनी हैं। अब ये सच होता है या नहीं, इसका पता तो कुछ महीने बाद चल जाएगा, लेकिन उससे पहले एक ओपिनियन पोल ने सभी को हैरान कर दिया है। ये सर्वे न्यूज 18 इंडिया द्वारा किया गया है।
सर्वे के आंकड़े बताते हैं कि अगर आज चुनाव हो जाएं तो एनडीए का आंकड़ा 411 तक चला जाएगा, वहीं बीजेपी को अपने दम पर भी 350 सीटें मिलेंगी। वहीं इंडिया गठबंधन की बात करें तो वो महज 105 सीटें जीतता दिख रहा है, वहां भी कांग्रेस तो 50 का आंकड़ा भी नहीं छू पा रही। वोट शेयर की बात करें तो एनडीए को 48 फीसदी वोट मिल सकते हैं, वहीं इंडिया गठबंधन का वोट शेयर 32 प्रतिशत रह सकता है।
राज्यों के लिहाज से बात करें तो एनडीए कई जगह सरप्राइज करने वाला है। पश्चिम बंगाल में तो सबसे बड़ा खेला होता दिख रहा है। ओपिनियन पोल की माने तो बंगाल में बीजेपी इस बार 25 सीटें जीत सकती है, वहीं ममता की पार्टी सिर्फ 17 सीटें अपने नाम कर पाएगी। इंडिया गठबंधन का तो यहां खाता भी खुलता नहीं दिख रहा। सबसे बड़े राज्य यूपी में तो एनडीए की आंधी चलती दिख रही है। 80 में से 77 सीटें इस बार एनडीए अपने खाते में डाल सकता है, वहीं इंडिया को सिर्फ 2 सीटों से संतोष करना पड़ेगा। बसपा को भी एक सीट मिलती दिख रही है।
हैरान करने वाले आंकड़े दक्षिण भारत से भी सामने आए हैं। तमिलनाडु में इस बार एनडीए का खाता खुल सकता है। उसके खाते में पांच सीटें जा सकती हैं। वहीं AIDMK को चार सीटें मिल सकती हैं, वहीं इंडिया के खाते में 30 सीटें जाने का अनुमान है। केरल में भी इस बार एनडीए का खाता खुल सकता है, सर्वे के मुताबिक दो सीटें मिल सकती हैं, वहीं यूडीएफ 14 सीटें ला सकता है, वहीं लेफ्ट सिर्फ 4 सीटें।
हिंदी पट्टी राज्यों में राजस्थान, गुजरात, उत्तराखंड में बीजेपी का क्लीन स्वीप होता दिख रहा है। वहीं महाराष्ट्र में भी 48 में से 41 सीटें एनडीए अपने नाम कर सकता है। वहीं इंडिया को वहां सिर्फ सात सीटें मिलती दिख रही हैं। पंजाब से भी चौकाने वाला आंकड़ा सामने आया है जहां पर आम आदमी पार्टी से बेहतर कांग्रेस कर सकती है। दिल्ली में तो सारी सीटें फिर बीजेपी अपने नाम करती दिख रही है। बिहार की बात करें तो वहां भी हाल कोई अलग नहीं चल रहा है, एनडीए को 40 में से 38 सीटें मिलती दिख रही हैं।