2019 Lok Sabha Election के लिए प्रचार करने पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचीं प्रियंका गांधी का एक वीडियो सामने आने के बाद नया बवाल शुरू हो गया है। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने एक वीडियो ट्वीट करते हुए प्रियंका पर खुद को पहनाई माला उतारकर देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर चढ़ाने का आरोप लगाया। हाल ही में कांग्रेस महासचिव बनीं प्रियंका गांधी को इस बार पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। प्रचार अभियान के सिलसिले में प्रयागराज से नाव के जरिए गंगा यात्रा कर वे बनारस पहुंची थीं। यहां उनका जोरदार स्वागत हुआ।

क्या दिख रहा है वीडियो मेंः स्मृति ईरानी ने जो वीडियो शेयर किया है उसमें प्रियंका समर्थकों से घिरी नजर आ रही हैं। इसी बीच किसी ने उन्हें गुलाब की माला पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद प्रियंका ने यह माला देश के प्रधानमंत्री रहे दिवंगत लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर चढ़ा दी। इस घटना को लेकर उन पर जमकर तंज कसे जा रहे हैं। स्मृति ने अपने ट्विटर हैंडल पर वीडियो के साथ करारा तंज कसा है। उन्होंने कहा, ‘गुमान में बिटिया (प्रियंका गांधी) मर्यादा भूलकर अपने गले की उतरी माला पहना कर शास्त्री जी को पहना दी।’

National Hindi News Today Live: CRPF के जवान ने की 3 साथियों की हत्या, फिर खुद को भी मार ली गोली

बीजेपी कार्यकर्ताओं ने किया शुद्धिकरणः कांग्रेस महासचिव का यह वीडियो सामने आने के बाद बीजेपी के कार्यकर्ता घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने गंगा जल से शास्त्री की प्रतिमा का शुद्धिकरण कर दिया। इसके अलावा शहर में बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की खबर भी सामने आई। हालांकि वीडियो पर कांग्रेस की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।

 

उल्लेखनीय है कि प्रियंका गांधी को पहली बार सक्रिय सियासत में उतरते ही बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उन पर 80 सीटों वाले उत्तर प्रदेश की 42 सीटों पर जीत दिलाने की जिम्मेदारी है। इनमें ज्यादार बीजेपी के बड़े नेताओं के गढ़ हैं।