2019 Lok Sabha Election से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यकर्ताओं से संवाद किया। बीजेपी का दावा है कि इस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में पार्टी के करीब एक करोड़ कार्यकर्ता जुटे। उन्होंने पाकिस्तान के साथ संबंधों की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘‘वे चाहते हैं हमारा देश थम जाए, रुक जाए, देश की प्रगति बाधित हो जाए, लेकिन ऐसा नहीं होगा। न यह देश रुकेगा, न देश की प्रगति थमेगी। देश की सुरक्षा और सामर्थ्य का संकल्प लेकर हमारे जवान सीमा पर डटे हुए हैं। हम सब पराक्रमी भारत के नागरिक हैं।’’

भारत आत्मविश्वास से भरा हैः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘‘हम सबको भी सिपाही बनकर देश में सौहार्द के लिए दिन-रात डटे रहना होगा। यह नहीं सोचना कि चलो बहुत हो गया, सो जाओ। हमें विकास की नई ऊंचाइयों को छूना है। देश की सीमा पर दिन-रात एक करके जवान लगे हैं, हम उनके प्रति कृतज्ञ हैं। देशवासियों से आग्रह है राष्ट्रनिर्माण के लिए अपने दायित्व को पूरी जिम्मेदारी से निभाएं। चलने की गति बढ़ा दें। देश को प्रगति पथ पर आओ मिलकर आगे बढ़ाएं। भारत एक होकर लड़ेगा, एक होकर चलेगा और एक होकर जीतेगा। आज भारत आत्मविश्वास से भरा है। भारत का युवा आज उत्साह में है। उनमें कुछ कर गुजरने का विश्वास पैदा हुआ है।’’

खुद और सरकार पर रखें भरोसा : प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘बूथ के सिपाहियों की ताकत से नए भारत का संकल्प सिद्ध होगा। छात्र कितना भी मेधावी हो, अंतिम दिनों में तैयारी मजबूत करनी पड़ती है। खुद पर और सरकार पर भरोसा रखिए। हम सभी को खुद को विश्वास की एक डोर में पिरोकर आगे बढ़ना है।’’