गौतम बौद्ध नगर प्रशासन ने शनिवार को नोएडा और ग्रेटर नोएडा के सभी स्कूलों को घने कोहरे और ठंड के मौसम की स्थिति के मद्देनजर 14 जनवरी तक कक्षा 8 तक के छात्रों के लिए छुट्टी रखने का आदेश दिया। यह आदेश जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार द्वारा जारी किया गया है और राज्य बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई, आईबी और अन्य मान्यता प्राप्त सभी स्कूलों पर लागू होगा।

क्या जानकारी सामने आई है?

जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) धर्मवीर सिंह ने कहा कि इस दौरान कक्षा 9 से 12 का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक रहेगा। शिक्षा विभाग ने यह आदेश लगतार बढ़ रही ठंड को देखते हुए लिया है।

शिक्षा विभाग ने कहा है कि इस आदेश का सख्ती से पालन किया जाए। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान एक अंक के आंकड़े तक गिर गया है। गौतम बौद्ध नगर में शनिवार को न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और अगले छह दिनों में 9 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।

मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए शीत लहर और कोहरे की चेतावनी जारी की है, जिसमें गौतम बौद्ध नगर भी शामिल है।आईएमडी ने एक उप-विभागीय चेतावनी में कहा कि शनिवार और रविवार को कोहरे के साथ शीत लहर की स्थिति की भविष्यवाणी की गई है, इसके बाद मंगलवार को आंधी, बिजली, तूफान और कोहरा आएगा।

देशभर के कई हिस्सों में जनवरी के महीने की शुरुआत से ही ठंड का ज्यादा असर दिखना शुरू हो गया था। खबरों के मुताबिक दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में शीतलहर चल रही है।

दिल्ली में शुक्रवार को ‘ठंडा दिन’ दर्ज किया गया, अधिकतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस था, जो साल के इस समय के लिए सामान्य से पांच डिग्री कम था। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ‘ठंडा दिन’ तब रिकॉर्ड करता है जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम होता है और अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री कम होता है। शुक्रवार तड़के न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है।