उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल पद की भर्ती प्रक्रिया के साथ-साथ रेडियो कैडर में असिस्टेंट ऑपरेटर और वर्कशॉप स्टाफ की भर्ती प्रक्रिया भी जारी है। हालांकि यह प्रक्रिया अगस्त के बाद स्लो पड़ गई क्योंकि 7 अगस्त 2024 को इस भर्ती की लिखित परीक्षा का रिजल्ट आया था और परीक्षा पास करने वाले कैंडिडेट फिजिकल टेस्ट और डॉक्युमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया का हिस्सा बनने थे, लेकिन फिजिकल टेस्ट की तारीख ही पिछले 5 महीने से जारी नहीं हुई। इस बीच उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती और प्रोन्नति बोर्ड ने बुधवार को इस भर्ती के फिजिकल टेस्ट से जुड़ा एक बड़ा अपडेट जारी किया।
कब होगा फिजिकल टेस्ट?
दरअसल, बोर्ड ने बताया कि यूपी पुलिस रेडियो कैडर में सहायक ऑपरेटर और वर्कशॉप स्टाफ की सीधी भर्ती के लिए फिजिकल टेस्ट 2023 में निकली यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती के आयोजित होने वाले फिजिकल टेस्ट और डॉक्युमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया के तुरंत बाद शुरू हो जाएंगे। उम्मीद की जा रही है कि बोर्ड की तरफ से इसकी आधिकारिक तारीख की घोषणा जल्द कर दी जाएगी।
2022 में निकली थी यह भर्ती
बता दें कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती और प्रोन्नति बोर्ड ने रेडियो कैडर में सहायक ऑपरेटर और वर्कशॉप स्टाफ की सीधी भर्ती साल 2022 में निकाली थी। इसका नोटिफिकेशन 27 जनवरी 2022 में को जारी हुआ था। इसके बाद जनवरी-फरवरी 2024 में इसकी परीक्षा आयोजित हुई थी। इसके बाद इस परीक्षा का रिजल्ट 7 अगस्त 2024 को जारी हुआ था। परीक्षा में कुल 4586 उम्मीदवार पास हुए जो कि फिजिकल टेस्ट में शामिल होंगे।
कुल 1494 पदों के लिए आयोजित हुई थी परीक्षा
यह भर्ती कुल 1494 पदों को भरने के लिए निकाली गई थी जिनमें से 120 रिक्तियां वर्कशॉप स्टाफ के पद के लिए और 1374 सहायक ऑपरेटर पद के लिए हैं। शॉर्टलिस्ट कैंडिडेट फिजिकल टेस्ट और डॉक्युमेंट प्रक्रिया का हिस्सा होंगे। यह प्रक्रिया सितंबर में आयोजित होनी थी, लेकिन इसमें देरी हुई। अब माना जा रहा है कि अगले साल जनवरी-फरवरी में यह टेस्ट आयोजित कराया जा सकता है।