UP Police Constable Bharti New Exam 2024 Date: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती का इंतजार कर रहे लोगों के लिए खुशखबरी है। यूपीपीपीबी जल्द ही पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा दोबोरा करा सकती है। इसके लिए जल्द ही तारीखों की घोषणा कर दी जाएगी। माना जा रहा है कि पुलिस भर्ती की दोबारा परीक्षा जून में आयोजित कराई जा सकती है।

दरअसल, पेपर लीक होने के कारण 17 और 18 फरवरी को आयोजित हुई यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा को योगी सरकार ने रद्द कर दिया था। उत्तर प्रदेश सरकार ने कहा है कि छह महीने के भीतर दोबारा परीक्षा होगी। उम्मीद है कि परीक्षा जून 2024 में आयोजित की जाएगी। हालांकि, अभी तक बोर्ड की तरफ से सटीक तारीख और समय की घोषणा नहीं की गई है। माना जा रहा है कि 25 जून तक परीक्षाएं कराई जा सकती हैं। घोषणा होने के बाद उम्मीदवार uppbpb.gov.in पर जाकर यूपी पुलिस परीक्षा की तारीख 2024 के बारे में जानकारी हांसिल कर सकेंगे।

बता दें कि फरवरी में 60,244 रिक्तियों के लिए 47 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने यूपी पुलिस कांस्टेबल की परीक्षा दी थी। हालांकि, परीक्षा 24 फरवरी को रद्द कर दी गई थी। यूपी पुलिस कांस्टेबल चयन प्रक्रिया के अनुसार, लिखित परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों को पीएसटी, डीवी और पीईटी राउंड के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा।

दो घंटे की होगी परीक्षा

यूपी पुलिस कांस्टेबल परीक्षा 2 घंटे तक चलेगी। इस दौरान उम्मीदवारों को 150 सवालों के जवाब देने होंगे। प्रत्येक सही उत्तर पर आवेदक को 2 अंक मिलेंगे, जबकि प्रत्येक गलत उत्तर के लिए 0.25 अंक काटे जाएंगे। परीक्षा अंग्रेजी और हिंदी दोनों भाषाओं में आयोजित की जाएगी। सामान्य हिंदी को छोड़कर सभी विषय के प्रश्न दोनों भाषाओं में होंगे। परीक्षा में चार खंड शामिल होंगे, जिनमें सामान्य ज्ञान, सामान्य हिंदी, संख्यात्मक और मानसिक क्षमता, बुद्धिमत्ता और तार्किक क्षमता शामिल हैं।

बता दें कि यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा पेपेर लीक मामले में योगी सरकार ने सख्त कार्रवाई की है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने भर्ती बोर्ड की अध्यक्ष रेणुका मिश्रा को उनके कर्तव्यों से हटा दिया है और आईपीएस अधिकारी राजीव कृष्ण को भर्ती बोर्ड का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं पेपर लीक करने वालों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई हुई है।