ओडिशा पुलिस विभाग में सब इंस्पेक्टर की भर्ती के लिए 8 और 9 मार्च 2025 को आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा को स्थगित कर दिया गया है। ओडिशा पुलिस भर्ती बोर्ड (ओपीआरबी) ने पेपर से एक दिन पहले नोटिस जारी कर परीक्षा स्थगित होने की जानकारी उम्मीदवारों के लिए साझा कर दी है। हालांकि बोर्ड की ओर से परीक्षा स्थगित किए जाने का कोई कारण नहीं बताया है। बोर्ड की ओर से कहा गया है कि कुछ अज्ञात परिस्थितियों की वजह से पेपर को स्थगित करने का निर्णय लिया जा रहा है।

नई तारीखों का ऐलान जल्द होगा

बता दें कि विभाग की ओर से नई तारीखों का ऐलान जल्द ही किया जाएगा। जिन कैंडिडेट्स ने इस एग्जाम के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था वह पुलिस विभाग की आधिकारिक वेबसाइट odishapolice.gov.in पर विजिट करते रहें। बोर्ड की ओर से जारी आधिकारिक नोटिस में कहा गया है, “8 और 9 मार्च 2025 को आयोजित होने वाली संयुक्त पुलिस सेवा परीक्षा 2024 को फिलहाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। आगे की सूचना बाद में जारी की जाएगी।

Bihar Board 12th Result 2025: बिहार बोर्ड 12वीं का रिजल्ट इस तारीख तक होगा जारी, जानें पिछले साल कब आए थे नतीजे

900 से अधिक रिक्त पदों के लिए निकली है भर्ती

बता दें कि इस भर्ती अभियान का उद्देश्य पुलिस (सशस्त्र) विभाग में सब-इंस्पेक्टर (एसआई), स्टेशन ऑफिसर (अग्निशमन सेवा) और सहायक जेलर के खाली पड़े 933 पदों को भरना था। इस भर्ती के लिए जिन उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन किया था वह चयन प्रक्रिया के पहले चरण लिखित परीक्षा में शामिल होंगे। इस भर्ती की चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा पहला चरण है। लिखित परीक्षा पास करने वाले कैंडिडेट फिजिकल टेस्ट और फिर डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन में शामिल होंगे।

ओडिशा पुलिस एसआई भर्ती 2025 की लिखित परीक्षा का पैटर्न

पेपर I में सामान्य अंग्रेजी और ओडिया भाषा में 100 अंक होते हैं जिन्हें 90 मिनट में पूरा करना होगा।

पेपर II में सामान्य अध्ययन में 200 अंक होते हैं जिन्हें 180 मिनट में पूरा करना होगा।

पेपर III में तकनीकी पेपर (केवल स्टेशन ऑफिसर-फायर सर्विस के लिए) में 180 मिनट में 200 अंक होते हैं।