Mumbai School CCTV News: छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मुंबई के सभी स्कूलों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। महाराष्ट्र सरकार ने बच्चियों संग रेप की घटना के बाद ये कदम उठाया है।

बदलापुर रेप की घटना से पूरा देश शर्मसार है। जानकारी के अनुसार, महिलाओं की सुरक्षा के लिए महाराष्ट्र सरकार ने ये फैसला लिया है। मुंबई उपनगरीय जिले के कैबिनेट मंत्री और संरक्षक मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने यह निर्देश जारी किया है। इस निर्देश के तहत शौचालयों को छोड़कर पूरे स्कूल परिसर में सीसीटीवी लगाए जाएंगे।

स्कूलों में और क्या होंगे बदलाव-

कैमरा लगाने के अलावा लड़कियों को उनकी सुरक्षा के लिए सेल्फ डिफेंस की ट्रेनिंग भी दी जाएगी। शौचालयों के बाहर महिला गार्ड की तैनाती की जाएगी। इतना ही नहीं बीट मार्शल या गश्त करने वाली पुलिस टीमों निगरानी करेगी। इसके अलावा शौचालयों की सफाई महिला कर्मचारी करेंगी। वहीं टैक्सी, वैन और बसों में एक महिला कर्मचारी को रहना होगा। इतना ही नहीं, सफाई कर्मचारियों पर भी पुलिस की नजर रहेगी।

महाराष्ट्र में बच्चियों और महिलाओं के खिलाफ अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं: शरद

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख शरद पवार ने शुक्रवार को कहा कि महाराष्ट्र में बच्चियों और महिलाओं के खिलाफ अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने आगे कहा कि गृह विभाग को ऐसे अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए सतर्क रहना चाहिए। हाल ही में हुई रेप की घटना का जिक्र करते हुए पवार ने कहा कि स्कूल में ऐसा अपराध होना खौफनाक बात है।

पवार ने आगे कहा, ‘‘इस तरह के कृत्य के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जरूरत है और सभी ने इसकी मांग की है। राज्य सरकार को ऐसी घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए सतर्क रहना चाहिए। गृह विभाग को जहां भी जरूरत हो, सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।’’

पवार ने आगे कहा कि एक स्कूल में दो बच्चियों के साथ कथित यौन उत्पीड़न की घटना के बाद राज्य भर से इसी तरह के कई अन्य अपराध के मामले सामने आए हैं। उन्होंने आगे कहा, ‘‘चाहे छोटी बच्चियां हों या महिलाएं, ऐसे कई अत्याचार सामने आ रहे हैं। दुर्भाग्य से राज्य में दिन-प्रतिदिन इन घटनाओं की संख्या बढ़ती जा रही है और लोग अपनी पीड़ा व्यक्त करने के लिए इस पर प्रतिक्रिया कर रहे हैं।