कर्नाटक की एक यूनिवर्सिटी ने महिला ट्रांसजेंडर केएन रेणुका पुजार को बतौर गेस्ट टीचर नियुक्त किया है। रेणुका पुजार यह जिम्मेदारी संभालने वाली पहली महिला ट्रांसजेंडर बनी हैं। रेणुका को विजयनगर श्री कृष्णदेवराय विश्वविद्यालय के नंदीहल्ली परिसर (पीजी सेंटर) में कन्नड़ विभाग में गेस्ट लेक्चरर के रूप में नियुक्त किया गया है। उन्होंने कन्नड़ में पोस्टग्रेजुएट की पढ़ाई की है।
रेणुका ने कन्नड़ में की है पोस्टग्रेजुएट
27 वर्षीय केएन रेणुका पुजार कर्नाटक के किसी विश्वविद्यालय में बतौर गेस्ट टीचर नियुक्त होने वाली पहली ट्रांसजेंडर व्यक्ति बन गई हैं। विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने बताया कि रेणुका पुजार ने विश्वविद्यालय में कन्नड़ में स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की। उन्होंने इस महीने की शुरुआत में यह जिम्मेदारी प्राप्त की थी।
इस उपलब्धि पर रेणुका ने क्या कहा?
बल्लारी जिले के कुरुगोडु जिले की रहने वाली रेणुका पुजार ने इस उपलब्धि के मिलने के बाद कहा है,”मैं बहुत खुश हूं। काफी संघर्ष के बाद मैं इस मुकाम पर पहुंची हूं। विश्वविद्यालय ने मेरी बहुत मदद की है। मैंने 2018 में अपनी डिग्री पूरी की और 2017 में ट्रांसजेंडर बन गई, जब मैं अपने दूसरे वर्ष में थी। मैंने 2022 में अपना एमए पूरा किया और अतिथि व्याख्याता के रूप में काम कर रही हूं।”
पीएचडी करना चाहती हैं रेणुका
रेणुका ने आगे बताया कि इस उपलब्धि के मिलने में उनके माता-पिता का भी अहम योगदान है। उन्होंने रेणुका के यहां तक पहुंचने में बहुत सपोर्ट किया है। रेणुका ने कहा कि उनका परिवार खेतीबाड़ी करता है। उनके माता-पिता ने उन्हें जीवन में सफल होने के लिए शिक्षित किया है। रेणुका ने बताया कि जब मैं एमए की पढ़ाई कर रही थी, तब विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने भी मेरा साथ दिया। मुझे पढ़ाना पसंद है और मैं पीएचडी करना चाहती हूं और प्रोफेसर बनना चाहती हूं।
RPF SI Exam Result 2024: कब जारी होगा आरपीएफ सब इंस्पेक्टर परीक्षा का रिजल्ट? यह है संभावित तारीख