आखिर लंबे इंतजार के बाद कर्नाटक 2 पीयूसी परीक्षा परिणाम बुधवार को जारी कर दिए गए। राज्य में 1 से 22 मार्च तक आयोजित की गई परीक्षा में 6.9 लाख छात्रों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी। परीक्षा में बैठने वाले छात्र कर्नाटक पीयूसी II परिणाम 2024 आधिकारिक वेबसाइट karresults.nic.in पर चेक कर सकते हैं। बोर्ड की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से नतीजों की घोषणा की गई।
ये हैं साइंस के टॉपर
इस साल कर्नाटक 2 पीयूसी परिक्षा परिणाम पिछले साल से बेहतर आए हैं। इस साल का कुल पासिंग प्रतिशत 81.15 प्रतिशत रहा है। बात करें टॉपर्स की तो साइंस से विद्यालक्ष्मी ने 598 मार्क्स के साथ ओवरऑल टॉप किया है। उनके अलावा के एच उर्विश प्रशांत, वैभवी आचार्य, जान्हवी तुमकुर गुरुराज और गुणसागर डी को साइंस स्ट्रीम में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है। इन सभी को 597 मार्क्स मिले हैं। वहीं फातिमा इमरान, वी एस श्रीमन नारायण, गौरी संजीव सूर्यवंशी, अभिजय एम एस और हरि प्रिया को तीसरा स्थान मिला है।
ये हैं आर्ट्स के टॉपर
आर्ट्स स्ट्रीम से मेधा डी, वेदांत ज्ञानुबा नवी और कविता बी वी को पहली रैंक मिली है। इन सभी के 600 में से 596 मार्क्स हैं। रवीना सोमप्पा लमानी को दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है जबकि पुरोहित खुशीबेन राजेंद्र कुमार, अनुश्री बसवराज अदावल्लिमथा, शशिधर डी को तीसरा स्थान मिला है।
कॉमर्स के टॉपर्स की सूची
कर्नाटक 2 पीयूसी परीक्षा परिणाम में कॉमर्स स्ट्रीम से दो रैंक होल्डर हैं। ज्ञानवी एम कॉमर्स स्ट्रीम की रैंक 1 होल्डर हैं। जबकि दूसरा स्थान पवन एम एस, हर्षित, बी तुलसी पाई, तेजस्विनी के काले को मिला है। इनके 596 मार्क्स हैं।
लड़कों के मुकाबले लड़कियां हुईं अधिक पास
कर्नाटक 2 पीयूसी परीक्षा परिणाम में लड़कों के मुकाबले लड़कियों के पास होने की संख्या अधिक है। लड़कियों का पासिंग प्रतिशत भी लड़कों से बेहतर है। इस परीक्षा में कुल 3,59,612 लड़कियां उपस्थित हुई थीं। इसमें से 3,05,212 लड़कियां पास हुई हैं। लड़कियों का पासिंग प्रतिशत 84.87 प्रतिशत है। वहीं इस परीक्षा में 3,21,467 लड़के उपस्थित हुए थे जिसमें 2,47,478 लड़के पास हुए हैं। लड़कों का पासिंग प्रतिशत 76.98 है।