उत्तर भारत के कई राज्य इस वक्त शीतलहर की चपेट में है। कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। अधिकतर राज्यों में तापमान 5 डिग्री के आसपास जा चुका है। सर्दी के सितम को देखते हुए अधिकतर राज्यों में विंटर ब्रेक का ऐलान हो चुका है। इस बीच झारखंड सरकार ने भी 8वीं तक के स्कूलों में छुट्टी की घोषणा कर दी है। जानकारी के मुताबिक, झारखंड में KG से 8वीं तक के सभी स्कूल 7 से 13 जनवरी 2025 तक बंद रहेंगे।

राज्य में 6 डिग्री से नीचे पहुंचा पारा

स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग की ओर से जारी एक अधिसूचना के मुताबिक, राज्य में मौजूदा स्थिति को देखते हुए सरकारी, सहायता प्राप्त, अल्पसंख्यक और सभी प्राइवेट स्कूलों में 8वीं तक के स्कूल 7 से 13 जनवरी 2025 तक बंद रहेंगे। हालांकि 9वीं से ऊपर की कक्षाएं पहले की तरह चलती रहेंगी। बता दें कि झारखंड में शीतलहर का आगाज हो चुका है। राज्य के कई जिलों में तापमान तेजी से गिर रहा है। पारा 6 डिग्री तक आ पहुंचा है और कहीं-कहीं तो पारा इससे भी नीचे है। झारखंड में पिछले 2-3 दिन के दौरान मौसम में काफी परिवर्तन देखने को मिला है। खूंटी में सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

UPSC सेक्शन ऑफिसर परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी, 11 और 12 जनवरी को होगी परीक्षा

यूपी में आगे बढ़ सकता है विंटर ब्रेक

झारखंड के अलावा उत्तर प्रदेश में भी स्कूलों में छुट्टियां आगे बढ़ने की संभावना है। अभी यूपी में 14 जनवरी 2025 तक स्कूलों में शीतकालीन अवकाश घोषित है, लेकिन अगर मौसम ऐसा ही रहता है तो इस ब्रेक को आगे बढ़ाया जा सकता है। यूपी सरकार के आदेश के बाद सभी जिला मजिस्ट्रेट ने स्कूलों में आदेश भेज दिए हैं। उत्तर प्रदेश में यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसआई, मदरसा और अन्य बोर्ड से मान्यता प्राप्त सभी स्कूल 31 दिसंबर 2024 से 14 जनवरी 2025 तक बंद रहेंगे। नर्सरी से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को घर पर रहकर अपना होमवर्क और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों पर ध्यान देने को कहा गया है।

चंडीगढ़ में बदली गई स्कूलों की टाइमिंग

इस बीच, चंडीगढ़ प्रशासन ने भी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों के लिए स्कूल के समय में बदलाव की घोषणा की। जारी आदेश के अनुसार, आठवीं कक्षा तक की कक्षाओं के लिए भौतिक मोड में कक्षाएं निलंबित कर दी गई हैं, हालांकि, ऑनलाइन कक्षाएं सुबह 9 बजे से आयोजित की जाएंगी। कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों के लिए, भौतिक कक्षाएं सुबह 9:30 बजे के बाद ही शुरू होंगी और दोपहर 3:30 बजे तक समाप्त होंगी।