JAC Jharkhand Board Ranchi 12th Result 2024: झारखंड में 6 फरवरी से 24 फरवरी के बीच आयोजित हुई इंटर परीक्षा का परिणाम 30 अप्रैल 2024, मंगलवार को जारी कर दिया जाएगा। झारखंड बोर्ड ने इसका नोटिफिकेशन सोमवार को जारी कर दिया। बोर्ड ने ऑफिशियल नोटिस में बताया है कि झारखंड अधिविद्य परिषद्, रांची द्वारा आयोजित वार्षिक इंटरमीडिएट (कला, वाणिज्य, साइंस और व्यावसायिक) परीक्षा 2024 के परीक्षाफल का प्रकाशन दिनांक 30 अप्रैल 2024 को सुबह 11 बजे जैक सभागार में किया जाना है।

4 लाख स्टूडेंट्स का खत्म होगा इंतजार

बता दें कि 12वीं के रिजल्ट का इंतजार काफी दिनों से हो रहा था। करीब 4 लाख स्टूडेंट्स ने इंटर की परीक्षा दी थी। एग्जाम खत्म होने के बाद से ही स्टूडेंट्स बेसब्री से रिजल्ट का इंतजार कर रहे थे। मंगलवार को परिणाम की घोषणा के बाद विद्यार्थी झारखंड बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट jac.nic.in, jacresults.com और jharresults.nic.in पर अपना रिजल्ट चेक कर पाएंगे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए होगी रिजल्ट की घोषणा

झारखंड बोर्ड 12वीं का रिजल्ट प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जारी किया जाएगा। रिजल्ट की घोषणा बोर्ड के अधिकारी करेंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्य के पासिंग प्रतिशत, स्ट्रीम वाइस पासिंग प्रतिशत और टॉपर्स के नाम की जानकारी दी जाएगी। साथ ही प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिलों के हिसाब से पासिंग प्रतिशत की भी जानकारी दी जा सकती है।

कैसे चेक करें परिणाम?

झारखंड बोर्ड का रिजल्ट जारी होने के बाद स्टूडेंट्स इसे बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट jacresults.com पर देख सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले साइट के होम पेज पर जाएं। वहां रिजल्ट से जुड़ा एक लिंक फ्लैश होता दिखेगा। उस पर क्लिक करने के बाद एक नई विंडो खुलेगी, जहां आपको अपनी जानकारी दर्ज करनी होगी। उसके बाद रिजल्ट आपकी स्क्रीन पर आ जाएगा। भविष्य के संदर्भ में इसका प्रिंट आउट लेकर रख लें।