झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने शनिवार को 10वीं की हिंदी और साइंस विषय के री-एग्जाम के लिए डेट जारी कर दी। आधिकारिक अधिसूचना के मुताबिक, राज्य में 10वीं का हिंदी और साइंस का पेपर 7 और 8 मार्च 2025 को आयोजित किया जाएगा। शनिवार को JAC बोर्ड के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। बता दें कि यह परीक्षा पेपर लीक होने के बाद रद्द कर दी गई थी।

20 फरवरी को लीक हुआ था पेपर

झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने 20 फरवरी को 10वीं की हिंदी और साइंस की परीक्षा को रद्द कर दिया था। इन दोनों विषय का पेपर सोशल मीडिया पर लीक हो गया था जिसके बाद बोर्ड ने इस पेपर को रद्द कर दिया था। अब बोर्ड दोनों विषय के लिए दोबारा परीक्षा आयोजित कराएगा। हिंदी की परीक्षा 7 मार्च और विज्ञान की परीक्षा 8 मार्च को होगी।

छत्तीसगढ़ में 10वीं बोर्ड एग्जाम के एडमिट कार्ड जारी, सोमवार से शुरू होगी परीक्षा; ऐसे डाउनलोड करें प्रवेश पत्र

10 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है पेपर लीक मामले में

बता दें कि झारखंड पुलिस ने हाल ही में कथित पेपर लीक मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। झारखंड में कड़ी सुरक्षा के बीच 11 फरवरी को कक्षा 10 (मैट्रिक) और कक्षा 12 (इंटरमीडिएट) की बोर्ड परीक्षाएं शुरू हुईं। अधिकारियों ने बताया कि राज्य में 2,086 केंद्रों पर परीक्षा देने के लिए 7.84 लाख से अधिक छात्रों ने नामांकन कराया है।

प्रैक्टिकल एग्जाम का शेड्यूल जारी

झारखंड बोर्ड ने मैट्रिक और इंटर की प्रायोगिक (प्रैक्टिकल) परीक्षा की तिथि भी घोषित कर दी है। मैट्रिक की प्रायोगिक परीक्षा 10 से 25 मार्च तक संबंधित विद्यालयों में होंगी। वहीं इंटर की प्रैक्टिकल परीक्षा भी 10 से 25 मार्च के ही बीच आयोजित कराई जाएगी। प्रायोगिक परीक्षाएं संबंधित स्कूल/कॉलेज द्वारा ली जायेंगी।