ठंड की दस्तक के साथ ही हरियाणा में सरकार ने बच्चों को बड़ी राहत देते हुए एक घोषणा की है। दरअसल, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शैक्षणिक वर्ष 2024-25 के लिए स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव कर दिया है। पूरे राज्य में सिंगल शिफ्ट और डबल शिफ्ट दोनों प्रकार के स्कूलों की टाइमिंग बदल दी गई है। स्कूलों का बदला हुआ समय 15 नवंबर 2024, शुक्रवार से लागू हो जाएगा। सीएम ने इस घोषणा के साथ बताया है कि यह बदलाव मौसम को ध्यान में रखते हुए किया गया है।

यह है नई टाइमिंग

स्कूल की नई टाइमिंग सिंगल शिफ्ट और डबल शिफ्ट वाले स्कूलों में अलग-अलग है। सिंगल शिफ्ट वाले स्कूलों में सर्दियों के दौरान बच्चों को सुबह 9.30 बजे से 3.30 तक जाना होगा। गर्मिंयों में यह टाइम सुबह 8 बजे से 2.30 बजे तक था। वहीं सर्दियों में डबल शिफ्ट वाले स्कूलों में सुबह का टाइम 7.55 बजे से 12:30 तक और दोपहर का 12:40 से 5:15 तक का होगा। सर्दियों का यह टाइम टेबल 15 नवंबर 2024 से 15 फरवरी 2025 तक रहेगा।

सीएम ने की है घोषणा

स्कूलों की टाइमिंग बदले जाने की जानकारी सीएम नायब सिंह सैनी ने एक ट्विटर पोस्ट के माध्यम से दी है। उन्होंने कहा है, “हरियाणा में 2024-25 सेशन के लिए स्कूल के समय में बदलाव के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। सिंगल शिफ्ट वाले स्कूल सर्दियों में सुबह 9:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक संचालित होंगे, जबकि डबल शिफ्ट वाले स्कूलों में दोनों शिफ्टों के लिए समायोजित समय होगा।”

समय बदले जाने का टीचर्स ने किया स्वागत

बदली गई टाइमिंग का उद्देश्य बच्चों की पढ़ाई पर पड़ने वाले मौसम के असर को कम करना है। करीब 1 घंटे स्कूल जाने की टाइमिंग में छूट देने से छात्रों को आरामदायक महसूस होगा। इस बदलाव का कई शिक्षकों ने स्वागत किया है, क्योंकि यह दिन के उजाले के घंटों और तापमान में उतार-चढ़ाव से संबंधित व्यावहारिक मुद्दों को संबोधित करता है।