Har Ghar Tiranga Nibandh, Essay, Speech in Hindi 2024: 15 अगस्त 2024 को हिंदुस्तान अपनी आजादी के 78 साल पूरे कर रहा है। इस मौके पर आजादी के जश्न को मनाने की तैयारी जोरशोर से पूरे देश में चल रही है। घर से बाहर निकलते ही सभी सड़के तिरंगे से पटी हुई हैं। आजादी के उत्सव के मौके पर देशभर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान भी चलाया जा रहा है। इस अभियान की शुरुआत आजादी के ‘अमृत महोत्सव’ यानि कि 75वीं वर्षगांठ के मौके पर की गई थी। तब से हर साल यह अभियान चलाया जाता है।
स्कूलों में लिखवाया जा सकता है निबंध
हर घर तिरंगा अभियान की चर्चा हर तरफ होती है। ऐसे में इस विषय पर स्कूलों में बच्चों से निबंध भी लिखवाया जा सकता है इसलिए इस आर्टिकल में हम आपको इस विषय पर एक छोटा सा निबंध प्रस्तुत कर रहे हैं जिसके जरिए आप ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को विस्तार से समझा सकते हैं।
ये है हर घर तिरंगा अभियान पर छोटा सा निबंध
हमारा तिरंगा हमारे देश की शान है। हम भारतीय तिरंगे की खातिर सबकुछ न्यौछावर करने की सोच रखते हैं, बस हमारी सोच यही रहती है कि कैसे भी हमारा तिरंगा शान से लहराता रहे। स्वतंत्रता दिवस एक ऐसा उत्सव होता है जब देशभर में तिरंगा फहराकर आजादी का जश्न मनाया जाता है। आजादी के ‘अमृत महोत्सव’ (साल 2022) पर हमारे झंडे को और अधिक महत्वपूर्ण बनाने के लिए भारत में एक अभियान “हर घर तिरंगा” शुरू किया गया था तब से यह हर साल होता है।
इस अभियान की शुरुआत भारत सरकार की ओर से की गई थी। हर साल यह अभियान 13 अगस्त से शुरू होकर 15 अगस्त तक चलता है। इस अभियान के दौरान लोगों से अपील की जाती है कि वह अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज को फहराएं। 22 जुलाई 2022 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से इस कार्यक्रम में भाग लेने का अनुरोध किया था। उनके अनुसार “हर घर तिरंगा” अभियान से देशभक्ति की भावना को उच्चतम स्तर तक पहुंचाया जाएगा। यह लोगों के बीच राष्ट्रीय ध्वज के महत्व के बारे में जागरूकता भी फैलाएगा।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रोत्साहित करना है। इससे न केवल नागरिकों को ध्वज से व्यक्तिगत रूप से जुड़ने में मदद मिलेगी बल्कि राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान भी बढ़ेगा। इस उत्सव केद्वारा स्वतंत्रता सेनानियों को भी सम्मानित किया जा सकता है।