DUSU Election 2024: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव (DUSU Election 2024) चुनाव के लिए एबीवीपी, एनएसयूआई सहित लेफ्ट छात्र संगठनों की तैयारियां जोरों पर है। चुनाव 27 सितंबर को है। इसके लिए ABVP ने अध्यक्ष पद से लेकर सचिव तक के प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे दिल्ली विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट (www.du.ac.in) पर जाकर लेटेस्ट जानकारी देख सकते हैं।

जानें कौन हैं प्रत्याशी- अभाविप पैनल से डूसू प्रत्याशियों के बारे में ये रही जानकारी

ऋषभ चौधरी- अध्यक्ष पद

ऋषभ चौधरी गन्नौर, सोनीपत के रहने वाले हैं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के श्यामलाल कॉलेज से इतिहास और राजनीतिक विज्ञान सबजेक्ट से स्नातक किया है। वॉलीबाल-कबड्डी में ऋषभ की काफी रुचि रही है और खेल संबंधी व्यवस्थाओं को विश्वविद्यालय में दुरुस्त करने के लिए लगातार कोशिस करते रहे हैं। वर्तमान में दिल्ली विश्वविद्यालय के बुद्धिस्ट स्टडीज विभाग में शिक्षा ले रहे हैं। इस साल वे अभाविप के पैनल से डूसू के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार हैं।

भानु प्रताप सिंह- उपाध्यक्ष पद

भानु प्रताप सिंह हरियाणा के फरीदाबाद के रहने वाले हैं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के श्री अरविंद महाविद्यालय से मनोविज्ञान (ऑनर्स) में स्नातक पूर्ण किया है। भानु ने डीयू के स्डूटेंट्स के विकास के लिए कई प्रतियोगियों का आयोजन किया है। भानु 2017 में अरविंद महाविद्यालय में छात्रसंघ सचिव पद पर निर्वाचित हुए, वर्तमान में डीयू के विधि परिसर केंद्र के प्रथम वर्ष के छात्र हैं।

मित्रविंदा करनवाल- सचिव पद

मित्रविंदा उत्तर प्रदेश के चांदपुर, बिजनौर की निवासी हैं। महिला संबंधी विषयों में लगातार विभिन्न कार्य करती रहती हैं और सेवा कार्य में विशेष रुचि है। अकादमिक क्षेत्र से मित्रविंदा बहुत मेधावी रही हैं। उन्होंने इंटर की परीक्षा को 99 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण हो जिले में तीसरा स्थान प्राप्त किया था। मित्रविंदा ने ऋतुमति अभियान के तहत दिल्ली विश्वविद्यालय की महिलाओं को विभिन्न विषयों में जागरूक करने का कार्य किया है व लक्ष्मीबाई कॉलेज में छात्रसंघ सचिव के रूप में पिछले साल निर्वाचित की गई थी। वर्तमान में दिल्ली विश्वविद्यालय के लक्ष्मीबाई कॉलेज में इतिहास (ऑनर्स) के तृतीय वर्ष की छात्रा हैं।

अमन कपासिया- संयुक्त सचिव पद

अमन कपासिया मूलतः दिल्ली के निवासी हैं। उन्होंने दिल्ली विश्विद्यालय के PGDAV सांध्य महाविद्यालय से हिन्दी (ऑनर्स) से स्नातक पूर्ण किया है। खेल में अमन की काफी रुचि रही है और तीरंदाजी में राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हैं। अभी दिल्ली विश्वविद्यालय के बुद्धिस्ट स्टडीज विभाग में अध्ययनरत हैं। इस साल अभाविप के पैनल से डूसू में संयुक्त-सचिव पद के उम्मीदवार हैं। अमन ने वैश्विक महामारी कोरोना काल जैसे जटिल वक्त में दिल्ली विश्वविद्यालय के 11 कॉलेजों में जो छात्र फंसे हुए थे उन्हे जरूरी सुविधाएं मुहैया करवाते हुए प्रभावशाली कार्य किया था।

एनएसयूआई ने डूसू चुनाव के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा की

कांग्रेस से जुड़े भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) के आगामी चुनाव के वास्ते शुक्रवार को अपने उम्मीदवारों की घोषणा की। डूसू चुनाव 27 सितंबर को होने वाले हैं। एनएसयूआई की ओर से जारी बयान के अनुसार रौनक खत्री अध्यक्ष पद और यश नंदल उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ेंगे।

बयान के अनुसार नम्रता जेफ मीणा सचिव पद के लिए और लोकेश चौधरी संयुक्त सचिव पद के लिए चुनाव मैदान में होंगे। एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी ने चारों पदों पर जीत हासिल करने की संगठन की क्षमता पर भरोसा जताय। वरुण ने कहा, ‘‘हमें विश्वास है कि इस डूसू चुनाव में एनएसयूआई चारों पदों पर जीत हासिल करेगी। हमारे पास छात्र कल्याण के वास्ते विस्तृत कार्ययोजना है।’’