हर त्योहार की तरह दिवाली को लेकर भी इस बार कन्फ्यूजन है कि यह पर्व 31 अक्टूबर को है या फिर 1 नवंबर को। हालांकि अब यह लगभग तय हो गया है कि देश के कई हिस्सों में दिवाली कल ही मनाई जाएगी और दिवाली की सरकारी छुट्टी भी कल ही है। बता दें कि हर साल दिवाली के आसपास करीब 4-5 दिन की छुट्टियां लगातार मिलती हैं, लेकिन इस बार ऐसा नहीं है क्योंकि 31 अक्टूबर को दिवाली के बाद यानी अगले दिन कोई त्योहार नहीं है। इस बार गोवर्धन पूजा 2 नवंबर को मनाई जाएगी।

यूपी में दिवाली की छुट्टी 31 को

दिवाली की सरकारी छुट्टी को लेकर लगभग यह तय हो गया है कि अब यह छुट्टी 31 अक्टूबर को ही होगी। उत्तर प्रदेश की बात करें तो यूपी सरकार ने दिवाली के लिए 31 अक्टूबर की छुट्टी घोषित की है। साथ ही योगी आदित्यनाथ ने आज ही यह ऐलान किया है कि 1 नवंबर को भी प्रदेश में छुट्टी रहेगी। इसके बाद 2 नवंबर को गोवर्धन पूजा और 3 नवंबर को भाई दूज की छुट्टी है।

बिहार में कब है दिवाली की छुट्टी?

बिहार में भी दिवाली के साथ-साथ राज्य सरकार ने छठी की भी छुट्टियां घोषित कर दी हैं। बिहार में दिवाली की छुट्टी 31 से 3 नवंबर के बीच रहने वाली है। हालांकि 1 नवंबर को कई जगहों पर स्कूल खुलेंगे, लेकिन छठ की बात करें तो छठ पूजा के लिए बिहार में राज्य सरकार ने 6 नवंबर से 9 नवंबर तक की छुट्टी घोषित की है। छठ पूजा 5 नवंबर को सेलिब्रेट होगी।

तमिलनाडु और कर्नाटक में दिवाली की 2 दिन की छुट्टी

सरकारी आदेश के अनुसार, तमिलनाडु के स्कूलों में 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को दिवाली की छुट्टियां रहेंगी। कर्नाटक में भी 31 अक्टूबर की छुट्टी के अलावा, 1 नवंबर को कर्नाटक राज्योत्सव (कन्नड़ राज्योत्सव), कर्नाटक स्थापना दिवस मनाने के लिए भी छुट्टी रहेगी।

राजस्थान में कब से कब तक है छुट्टी?

राजस्थान में धनतेरस की छुट्टी नहीं है, लेकिन दिवाली के चलते 31 अक्टूबर से 3 नवंबर तक छुट्टी रहेगी।

छत्तीसगढ़ में 8 दिन बच्चों की छुट्टी

इस राज्य में छात्रों को दिवाली की सबसे लंबी छुट्टी मिल रही है। यहां स्कूलों में 8 दिन का लंबा अवकाश रहेगा, इसकी शुरुआत 27 अक्टूबर के रविवार को ही हो जाएगी और 3 नवंबर दिन रविवार तक चलेगी। सरकारी छुट्टी 28 अक्टूबर से शुरू होगी और 29 अक्टूबर को धनतेरस पर भी छुट्टी रहेगी, फिर 2 नवंबर तक चलेगी। 3 नवंबर को भाई दूज भी है।

मध्य प्रदेश में 30 अक्टूबर से है छुट्टी

मध्य प्रदेश में छोटी दीपावली यानी कि 30 अक्टूबर से दिवाली के अवकाश दिए गए हैं जो 3 नवंबर यानी गोवर्धन पूजा तक चलेंगे। वहीं, धनतेरस पर यहां छुट्टी नहीं है।