जिन छात्राओं को दिल्ली यूनिवर्सिटी के किसी रेग्युलर कॉलेज में दाखिला नहीं मिल पाया है वह डीयू के ही नॉन कॉलेज में दाखिला ले सकती हैं। नॉन-कॉलेजिएट महिला शिक्षा बोर्ड (NCWEB) ने यूजी कोर्सेस में एडमिशन के लिए फिर से अपना पोर्टल खोल दिया है। इच्छुक और पात्र महिला कैंडिडेट सीमित अवधि के अंदर बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट ncweb.du.ac.in पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन कर सकती हैं।
कब तक खुली है रजिस्ट्रेशन विंडो?
NCWEB की ओर से जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, एनसीवेब प्रवेश पोर्टल 24 सितंबर, 2025 से 27 सितंबर, 2025 (रात 11:59 बजे) तक चार दिनों के लिए खुला रहेगा। इस समय सीमा के बीत जाने के बाद, आगे किसी भी अनुरोध पर विचार नहीं किया जाएगा। साथ ही जो एप्लीकेशन अधूरे पड़े रह जाएंगे उन्हें भी रिजेक्ट कर दिया जाएगा।
कौन कर सकता है अप्लाई?
DU NCWEB UG कोर्सेस के लिए सिर्फ लड़कियां ही आवेदन कर सकती हैं। एडमिशन के लिए वहीं कैंडिडेट अप्लाई कर सकते हैं जिन्होंने पहले रजिस्ट्रेशन नहीं किया है। साथ ही जिन उम्मीदवारों ने पहले ही NCWEB में पंजीकरण करा लिया था, लेकिन किसी कारणवश प्रवेश की औपचारिकताएं पूरी नहीं कर सके थे वह भी आवेदन कर सकते हैं।
एडमिशन के लिए क्या चाहिए पात्रता?
इसके अलावा DU NCWEB UG प्रवेश 2025 के लिए रजिस्ट्रेशन करने वाले उम्मीदवार राजधानी दिल्ली के ही रहने वाले होने चाहिए। प्रवेश के समय, उम्मीदवारों को आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस या राशन कार्ड जैसे वैध निवास प्रमाण प्रस्तुत करने होंगे
कैंडिडेट आर्ट्स स्ट्रीम (BA) और कॉमर्स स्ट्रीम के कोर्सेस के लिए एडमिशन ले सकते हैं।
एडमिशन कक्षा 12वीं के मार्क्स के आधार पर होगा। CUET के मार्क्स का एडमिशन से कोई लेना-देना नहीं है।