देश की राजधानी दिल्ली में बहुत जल्द पीजीटी शिक्षकों की भर्ती आने वाली है। दिल्ली अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड यानी कि DSSSB द्वारा इस भर्ती का नोटिफिकेशन जल्द ही जारी किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में 200 स्पेशल एजुकेशन शिक्षकों की भर्ती के लिए जल्द आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने इसकी मंजूरी हाल ही में प्रदान की है।

भर्ती की तैयारी में जुटा है DSSSB

जानकारी के मुताबिक, यह भर्ती दिल्ली के सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता और विशेष जरूरतों वाले बच्चों के लिए विशेष शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए की जाएगी। DSSSB इस भर्ती अभियान की तैयारी में जुटा हुआ है। इस भर्ती से यह सुनिश्चित होगा कि दिव्यांग बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर मिले। यह भर्ती न केवल दिव्यांग बच्चों के लिए शिक्षा में सहायक होगी बल्कि इससे दिल्ली के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी को दूर किया जाएगा।

शिक्षकों की कमी से गुजर रही शिक्षा व्यवस्था

दिल्ली में अभी 9वीं से 12वीं कक्षा के 9500 से अधिक दिव्यांग बच्चे सीडब्ल्यूडी में रजिस्टर्ड हैं, लेकिन शिक्षा के इस क्षेत्र में केवल 283 पीजीटी टीचर्स ही उपलब्ध हैं, जबकि 301 पद स्वीकृत हैं। उप राज्यपाल वीके सक्सेना ने निर्देश दिए हैं कि इन रिक्तियों को तुरंत भरा जाए, ताकि शिक्षा में सुधार लाया जा सके।

कितनी मिलेगी सैलरी?

इस भर्ती के तहत जिन शिक्षकों की भर्ती होगी उन्हें अच्छी सैलरी दी जाएगी। जानकारी के मुताबिक, उनकी सैलरी पे ग्रेड 8 के तहत 47,600 रुपये से 1,51,100 रुपये तक होगी। इससे पहले 2023 में 120, 2022 में 931 और 2021 में 42 शिक्षकों की भर्ती दिल्ली सरकार ने की थी।