दिल्ली में विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के बारे में हर कोई जानना चाहता है। मंगलवार (7 जनवरी 2025) दोपहर 2 बजे राजीव कुमार अपने कार्यकाल की आखिरी प्रेस कॉन्फ्रेंस करने आए और उन्होंने इस पीसी में चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही अपना शायराना अंदाज भी दिखाया। उन्होंने इस दौरान 2-3 शायरी कहीं जिससे कि कॉन्फ्रेंस हॉल का माहौल थोड़ा लाइट हो गया। राजीव कुमार के बारे में जानने की इच्छा रखने वाले लोग यह जान लें कि वह 1984 बैच के आईएएस अफसर हैं।

कितने पढ़े-लिखे हैं राजीव कुमार?

19 फरवरी 1960 को उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के हसनपुर कस्बे में जन्मे राजीव कुमार मई 2022 में मुख्य चुनाव आयुक्त बने थे। इससे पहले वह चुनाव आयुक्त के पद पर तैनात थे। उनकी शुरुआती पढ़ाई-लिखाई हसनपुर में ही हुई। जानकारी के मुताबिक, राजीव कुमार ने साल 1974 में हाईस्कूल और 1976 में इंटर की परीक्षा पास की। इसके बाद मुरादाबाद से उन्होंने BSC पूरी की और फिर आगे की पढ़ाई के लिए वह दिल्ली आ गए। इसके अलावा उन्होंने टीईआरआई स्कूल ऑफ एडवांस्ड स्टडीज से भी पढ़ाई की।

‘4-5 महीने खुद को करूंगा डिटॉक्सिफाई’, CEC राजीव कुमार बोले- रिटायरमेंट के बाद हिमालय में करूंगा मेडिटेशन

1983 में बने पहली बार IAS

दिल्ली में उन्होंने LLB में दाखिला लिया। दिल्ली यूनिवर्सिटी से उन्होंने वकालत की पढ़ाई की और साथ ही प्रशासनिक सेवा परीक्षा की भी तैयारी की। राजीव कुमार ने 1982 में अपने पहले ही प्रयास में IRS क्वालीफाई किया। हालांकि उन्होंने ज्वॉइनिंग नहीं की। इसके 1 साल बाद ही वह IAS बन गए। पहली पोस्टिंग उन्हें बिहार के देवघर में बतौर एसडीएम मिली।

और कहां-कहां राजीव कुमार ने दी हैं सेवाएं?

इसके बाद राजीव कुमार लंबे समय तक सिविल सेवा के इंटरव्यू पैनल का हिस्सा रहे। इतना ही नहीं वह RBI के सदस्य भी रह चुके हैं। इसके अलावा वित्त सचिव के रूप में उन्होंने सेवाएं दीं। इतना ही नहीं वे गर्वमेंट पब्लिक एंटरप्राइसेस के चेयरमैन भी रहे। फिलहाल IAS राजीव कुमार मुख्य चुनाव आयुक्त हैं।