दिल्ली में 70 विधानसभा सीटों के लिए 5 फरवरी को वोट डाले जाएंगे और 8 फरवरी को चुनाव परिणाम घोषित होंगे। आम आदमी पार्टी, बीजेपी और कांग्रेस के बीच मुकाबला त्रिकोणीय है। फिलहाल दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार है। अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली यह पार्टी दिल्ली में चौथी बार सरकार बनाने के लिए लड़ रही है। इस पार्टी के टॉप कैंडिडेटस कितने पढ़े-लिखे हैं, इस आर्टिकल में हम आपको यही जानकारी देंगे। अरविंद केजरीवाल से लेकर मौजूदा सीएम आतिशी सिंह और पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया की एजुकेशन क्वालिफिकेशन इस आर्टिकल में हम आपको बताएंगे।
आतिशी सिंह (वर्तमान मुख्यमंत्री)
अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री बनी आतिशी सिंह ने अपनी स्कूलिंग दिल्ली से ही पूरी की है। उन्होंने डीयू के सेंट स्टीफंस कॉलेज से हिस्ट्री में मास्टर डिग्री और शेवनिंग स्कॉलरशिप पर ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से पीजी की डिग्री प्राप्त की है। इस चुनाव में आतिशी कालकाजी से चुनाव लड़ रही हैं। आतिशी सिंह इस चुनाव के बाद अगर आम आदमी पार्टी की सरकार बनती है तो सीएम चेहरे की रेस में रहेंगी।
अरविंद केजरीवाल ( AAP, संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री)
हरियाणा में जन्मे आम आदमी पार्टी के संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हिसार के कैंपस स्कूल और सोनीपत के होली चाइल्ड स्कूल से अपनी शुरुआती पढ़ाई पूरी की है। इसके बाद 1985 में उन्होंने IIT-JEE परीक्षा पास की और ऑल इंडिया रैंक (AIR) 563 हासिल की। इसके बाद उन्होंने IIT खड़गपुर से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन की है। 1989 में केजरीवाल जमशेदपुर में टाटा स्टील में शामिल हो गए। 1992 में उन्होंने UPSC सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी का हवाला देते हुए नौकरी से इस्तीफा दे दिया। 1995 में अरविंद केजरीवाल UPSC पास करने के बाद भारतीय राजस्व सेवा (IRS) में शामिल हुए और आयकर विभाग के सहायक आयुक्त के रूप में कार्य किया। केजरीवाल इस चुनाव में नई दिल्ली सीट से ही चुनाव लड़ रहे हैं।
मनीष सिसोदिया (पूर्व डिप्टी सीएम)
दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने दिल्ली में भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है। इससे पहले उनकी स्कूलिंग यूपी के हापुड़ जिले से हुई है। उनका जन्म हापुड़ जिले के ही एक गांव में हुआ था। उन्होंने 1996 से 2005 तक पत्रकार के रूप में काम किया। बाद में उन्होंने सूचना के अधिकार (आरटीआई) के लिए आंदोलन में भाग लेने के लिए अपनी नौकरी छोड़ दी। वह अन्ना हजारे के नेतृत्व में जन लोकपाल आंदोलन का भी हिस्सा थे। इस चुनाव में वह जंगपुरा से चुनावी मैदान में हैं।
अखिलेश पति त्रिपाठी (विधायक, मॉडल टाउन)
दिल्ली के मॉडल टाउन से विधायक अखिलेश पति त्रिपाठी पार्टी के टॉप लीडर्स में से एक हैं। उन्होंने मेहदावल में स्कूली शिक्षा प्राप्त की और ईसीसी कॉलेज, इलाहाबाद से ग्रेजुएशन की। उन्होंने 2008 में राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, फैजाबाद, उत्तर प्रदेश से इतिहास में मास्टर ऑफ आर्ट्स (एमए) पूरा किया। मॉडल टाउन से चुनाव लड़ रहे हैं।
संजय सिंह (राज्यसभा सांसद, दिल्ली)
यूपी के सुल्तानपुर जिले में जन्मे संजय सिंह की स्कूलिंग यूपी में ही हुई है। इसके बाद उन्होंने क्योंझर में उड़ीसा स्कूल ऑफ माइनिंग इंजीनियरिंग से माइनिंग इंजीनियरिंग में डिप्लोमा किया है। उनके माता-पिता शिक्षक थे। सिंह ने वे खनिकों के अधिकारों के लिए बोलने में सबसे आगे रहे हैं और साथ ही रेहड़ी-पटरी वालों के अधिकारों से भी जुड़े रहे हैं।
अवध ओझा (प्रत्याशी, पटपड़गंज विधानसभा)
कुछ महीने पहले ही आम आदमी पार्टी का दामने थामने वाले यूपीएससी कोच और शिक्षक अवध ओझा काफी लाइमलाइट में रहे हैं। यूपी के गोंडा जिले में जन्मे अवध ओझा ने फातिमा इंटर कॉलेज से ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की। वह बचपन से ही आईएएस अधिकारी बनने की ख्वाहिश रखते थे और उनके पिता ने दिल्ली में उनकी पढ़ाई के लिए ज़मीन बेच दी थी। उन्होंने कड़ी मेहनत की और प्रारंभिक परीक्षा पास कर ली, लेकिन मुख्य परीक्षा में असफल रहे। इसके बाद उन्होंने कोचिंग फील्ड में काम किया और फिर राजनीति में आने का फैसला किया।
दुर्गेश पाठक (प्रत्याशी, राजिंदर नगर)
आम आदमी पार्टी के सीनियर लीडर दुर्गेश पाठक की स्कूलिंग भी यूपी से हुई है। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मास्टर डिग्री हासिल की है। दुर्गेश पाठक आम आदमी पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति के सबसे युवा सदस्य हैं। वे पार्टी के राष्ट्रीय संगठन निर्माण प्रभारी हैं और 2015 के विधानसभा चुनाव से पहले दिल्ली में और 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब में एक मजबूत जमीनी स्तर का संगठन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
सौरभ भारद्वाज (प्रत्याशी, ग्रेटर कैलाश)
पार्टी के सीनियर लीडर सौरभ भारद्वाज का जन्म नई दिल्ली में हुआ। उन्होंने अपनी प्रारंभिक स्कूली शिक्षा दिल्ली से ही पूरी की। उन्होंने 2003 में गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय से संबद्ध भारती विद्यापीठ के कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन की। उन्होंने 2011 में उस्मानिया विश्वविद्यालय से लॉ में ग्रेजुएशन भी की।