बिहार के सिवान से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां जकिया अफाक इस्लामिया पीजी कॉलेज में एक तुगलकी फरमान जारी किया है। जिससे छात्र-छात्राओं के होश उड़े हुए हैं। इस फरमान से छात्र-छात्राओं के बीच हड़कंप मचा हुआ है। दरअसल, प्रिंसिपल ने नोटिस जारी कर रहा है कि अगर लड़के-लड़कियां एक साथ बैठे या हंसी-मजाक करते हुए दिखाई दिए तो उनका नामांकन रद्द कर दिया जाएगा। इस नोटिस की हर तरफ चर्चा हो रही है। यह कॉलेज अहमद गनी नगर में स्थित है। यहां सैकड़ों की संख्या में छात्र पढ़ते हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, कॉलेज के प्रिंसिपल इदरीश आलम ने नोटिस में लिखा है, ”सूचित किया जाता है कि अगर छात्र तथा छात्राओं को साथ में (एक साथ बैठे या हंसी मजाक करते) महाविद्यालय परिसर में देखा जाएगा तो उसका नामांकन रद्द कर दिया जाएगा। ज्ञात हो कि धारा 29 व 30 के अंतर्गत सथापित यह एक अल्पसंख्यक महाविद्यालय है। इसके सारे प्रबंधन का अधिकारी शासी निकाय में निहित है।”
छात्राओं के बीच बॉयफ्रेंड को लेकर हुई थी मारपीट
रिपोर्ट के अनुसार, कुछ दिनों पहले कॉलेज में दो लड़कियों के बीच बॉयफ्रेंड को लेकर मारपीट हुई थी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। लोगों का मानना है कि इस घटना के बाद से ही प्रिंसिपल ने यह नोटिस जारी किया है।
क्या कहना है प्रिंसिपल का
नोटिस जारी करने पर जब प्रिंसिपल से सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि कुछ बेड एलिमेंट्स (बुरे तत्व) कॉलेज परिसर में आ जात हैं। कुछ लड़कियों की भी गलती है। वे उनका सहयोग करती है। उनसे बात करती हैं, हंसी मजाक करती हैं। उन्हें रोकने के लिए ही यह नोटिस जारी किया है। हालांकि पत्र में गलती से धाराओं का जिक्र हो गया है। यह नोटिस का मकसद छात्र-छात्राओं को डराना है।