गुजरात के वड़ोदरा में सरकारी स्कूलों के बच्चों को बांटी गईं कॉपियों पर भारत माता और जन संघ के नेता दीनदयाल उपाध्याय की तस्वीरें हैं। जिले के 37,000 बच्चों के बीच करीब 1.62 लाख कॉपियां बांटी गई हैं। इनके कवर पर तिरंगे के रंगों पर उपाध्याय की तस्वीर है, जिसके बीच में ‘वंदेमातरम’ लिखा है। इसके पीछे एक संदेश भी लिखा गया है जो कहता है, ”भारत माता हमारी राष्ट्रीयता का स्तम्भ हैं। अगर आप ‘भारत’ से ‘माता’ निकाल दें तो देश जमीन के एक टुकड़े के सिवा कुछ भी नहीं।”
यह कॉपियां राज्य सरकार की कन्या केलवाणी योजना (बच्चियों में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए) और शाला प्रवेशोत्सव के तहत बांटी गई। नगर की भाजपा नेता और वीएमसी स्कूल बोर्ड की चेयरमैन केयुर रोकड़िया ने कहा कि उपाध्याय की फोटो के साथ ‘भारत माता’ संदेश ‘सभी भारतीयों को अपने देश को मातृभूमि की तरह देखने’ के लिए ‘प्रेरित’ करने के लिए लगाया गया है।
READ ALSO: गुजरात बोर्ड के स्टूडेंट ने खुद चेक किया अपना पेपर, दिए 100 में 100 मार्क्स
वड़ोदरा नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे 104 स्कूलों में 37,000 बच्चे पढ़ते हैं, इनमें से 10,000 मुस्लिम हैं। बच्चों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल और तिरंगे में रंगा बैग भी दिया गया है, जिस पर अशोक चक्र बना हुआ है।