दिल्ली विधानसभा के लिए मतदान होने की पूर्व संध्या पर भाजपा के प्रभारी प्रभात झा ने दावा किया कि चुनाव में भाजपा को साफ बहुमत मिलेगा। भाजपा का मुकाबला किसी पार्टी के बजाए एक एनजीओ से है। एक मुलाकात में एक छोटे से राज्य के चुनाव में पूरी सरकार झोंक देने के सवाल पर उनका कहना था कि एक तो देश में कहीं चुनाव नहीं है दूसरे दिल्ली में हम 16 साल से सत्ता से बाहर हैं। कांग्रेस बेजान है और आम आदमी पार्टी (आप) के नेता अपने को खुद अराजकतावादी कहते हैं। वे चुनाव में क्या कर बैठें इसलिए भी विशेष सावधानी के लिए दूसरे राज्यों के अनेक कार्यकर्ताओं को चुनाव में लगाया गया है। उन्होंने कहा कि किरण बेदी को मुख्यमंत्री का उम्मीदवार घोषित करने पर पार्टी में कोई विरोध नहीं है। यह पहला चुनाव है कि पूरी 70 सीटों पर एक भी बागी चुनाव नहीं लड़ रहा है।
उनके मुताबिक 14 महीने पहले हुए चुनाव की इस तरह से तैयारी नहीं की गई थी फिर भी भाजपा को सबसे ज्यादा वोट और सबसे ज्यादा सीटें मिली थीं। उसके बाद तो भाजपा ने लोकसभा के चुनाव और चार राज्यों के विधानसभा चुनाव जीते। इसलिए यह चुनाव न जीतने का कोई कारण ही नहीं है। उन्हें दिल्ली की जनता पर भरोसा है। चुनाव के लिए देरी से उम्मीदवार घोषित करने या मुख्यमंत्री के उम्मीदवार घोषित करने पर लंबे समय तक दुविधा बने रहने और पार्टी से बाहर की किरण बेदी को चुनाव से कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री का उम्मीदवार घोषित करने का ज्यादा अंतर नहीं हुआ क्योंकि चुनाव की तैयारी तो काफी समय से चल ही रही थी। पहले कांग्रेस से मुकाबले की बात फिर आप पर दनादन आरोप लगाने से भाजपा की हताशा दिखने के सवाल पर उनका कहना था कांग्रेस तो बेदम हो चुकी है। भाजपा का मुकाबला आप के बजाए झूठ बोलने वाले नेता से करना पड़ा है। भाजपा ने ईमानदारी से लोगों तक पहुंच कर आप के झूठ का पर्दाफाश करने काम किया। एक व्यक्ति के लिए पूरी पार्टी लग जाए यह भय नहीं तो क्या है।
प्रभात झा ने कहा कि भाजपा ने अपनी जिम्मेदारी समझी कि दिल्ली के लोगों को सही जानकारी दी जाए। दिल्ली की जनता समझदार है। उसका फैसला भाजपा के हक में होने वाला है। केंद्र और दिल्ली में एक ही दल की सरकार बनने पर विकास ठीक से हो पाएगा। इस चुनाव में भाजपा ने कई सकारात्मक प्रयोग किए हैं। उससे दिल्ली के एक-एक लोगों तक पहुंचने का प्रयास हुआ है और जो जानकारी हमें मिली है। उसके हिसाब से भाजपा की सरकार आसानी से दिल्ली में बन रही है।
