दिल्ली विधानसभा चुनाव में इतिहास रचते हुए आम आदमी पार्टी जबर्दस्त जीत के साथ राष्ट्रीय राजधानी में एक बार फिर से गद्दीनशीं होने की ओर बढ़ रही है। अब तक प्राप्त रुझानों में 70 सदस्यीय विधानसभा में आप 55 सीटों पर बढ़त बनाये हुए है जबकि भाजपा 12 सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस एक सीट और इनेलोद एक सीट पर बढ़त बनाये हुए है।
आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल प्रतिष्ठित नयी दिल्ली सीट पर आगे चल रहे हैं जबकि कृष्णा नगर सीट से भाजपा की मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार किरण बेदी पीछे चल रही हैं। कृष्णानगर सीट भाजपा का गढ मानी जाती है। कांग्रेस के अजय माकन सदर बाजार सीट से पीछे चल रहे हैं।
पार्टी के प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आप नेता योगेन्द्र यादव ने कहा, ‘‘निचले तबके के लोगों ने ही नहीं, बल्कि मध्यम वर्ग के लोगों ने आप के पक्ष में वोट दिया। ऐसा लगता है कि नरेन्द्र मोदी का रथ रुकता दिख रहा है।’’
आम आदमी पार्टी के ऐतिहासिक जीत की ओर बढ़ने के बीच भाजपा ने आज कहा कि चुनाव अरविंद केजरीवाल पर रायशुमारी थी और इसे केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार के कामकाज के प्रतिबिंब के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए।
भाजपा प्रवक्ता जी वी एन नरसिम्हा राव ने कहा कि चुनाव में स्थानीय मुद्दे प्रभावी रहे। यह पूछे जाने पर कि क्या यह मोदी के कामकाज पर जनमत संग्रह था, उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस रूप में नहीं देखता।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह चुनाव अरविंद केजरीवाल पर जनमत संग्रह था। दिल्ली के लोगों ने इसे इस रूप में देखा। मैं समझता हूं कि लोगों ने निश्चित तौर पर केजरीवाल को वोट दिया। यह 49 दिनों के आप के कामकाज पर जनमत संग्रह था। लोगों ने महसूस किया कि उन्हें एक मौका दिया जाना चाहिए।’’
दिल्ली चुनाव नतीजों पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि दिल्ली का चुनाव परिणाम देश की राजनीतिक स्थिति में निर्णायक मोड़ होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अरविन्द केजरीवाल को फोन कर उन्हें जीत की बधाई दी और दिल्ली के विकास में केजरीवाल को केंद्र के पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
भाजपा की मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार किरण बेदी ने भी अरविंद केजरीवाल को बधाई देते हुए कहा कि ‘‘पूरा श्रेय अरविंद को जाता है।’’
वहीं तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्वीट करके कहा, ‘‘यह लोगों की जीत और अहंकार तथा उन लोगों की बड़ी हार है जो राजनीतिक बदले की भावना से काम कर रहे थे और लोगों में घृणा फैला रहे थे।’’
किरण बेदी मतगणना में कृष्णा नगर सीट से पीछे चल रही हैं। आप उम्मीदवार और पूर्व मंत्री राखी बिडला मंगोलपुरी सीट पर कांग्रेस के राज कुमार तंवर पर बढत बनाये हुए हैं। आप से एक अन्य उम्मीदवार सोमनाथ भारती मालवीय नगर सीट पर अपने प्रतिद्वन्द्वी कांग्रेस के योगानंद शास्त्री पर बढ़त बनाये हुए हैं।
आप नेता एवं पूर्व मंत्री मनीष सिसोदिया पटपड़गंज सीट पर भाजपा उम्मीदवार विनोद कुमार बिन्नी से आगे चल रहे हैं। जनकपुरी सीट पर भाजपा के जगदीश मुखी बढ़त बनाये हुए हैं।
आप के सौरभ भारद्वाज ग्रेटर कैलाश सीट पर, कांग्रेस उम्मीदवार एवं राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की पुत्री शर्मिष्ठा मुखर्जी से आगे चल रहे हैं।
नरेला सीट पर आप के शरद चौहान आगे चल रहे हैं। आप के उम्मीदवार महरौली, कस्तूरबा नगर और जंगपुरा सीट पर आगे चल रहे हैं।
अब तक प्राप्त रुझानों में आप को बड़ी बढ़त मिलते के बीच सैकड़ों की संख्या में आप समर्थक उत्साह के साथ जीत का जश्न मनाते दिख रहे हैं और ‘पांच साल केजरीवाल’ के नारे लगा रहे हैं जो चुनाव प्रचार में आप का मुख्य नारा था।
आप के पूर्वी पटेल नगर स्थित कार्यालय में एलसीडी स्क्रीन पर बढ़त के हर रूझान के साथ समर्थकों के उत्साह को भी बढ़ते हुए साफ देखा जा सकता है ।
आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल आज सुबह ही पार्टी कार्यालय पहुंच गए और अंतिम चुनाव परिणाम सामने आने के बाद वह समर्थकों को संबोधित कर सकते हैं। पार्टी कार्यालय में वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया, कुमार विश्वास, योगेन्द्र यादव और संजय सिंह मौजूद हैं।