‘मैंने अपने पति चिराग शर्मा की हत्या कर दी है और मैं अब खुद भी आत्महत्या करने जा रही हूं’..शनिवार की दोपहर अपने पति की हत्या करने के बाद 36 साल की रेणुका ने यह मैसेज फेसबुक पर लिखा था। डीसीपी (साउथ) अतुल कुमार ठाकुर ने कहा ‘अपने पति की हत्या के बाद महिला ने खुद को भी मारने की कोशिश की…दोनों को अस्पताल ले जाया गया। चिराग को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया और रेणुका का इलाज किया जा रहा है। उसकी हालत स्थिर है लेकिन फिलहाल कोई बयान दर्ज करा पाने की स्थिति में वो नहीं है। इस मामले में हत्या का केस दर्ज किया गया है।

बताया जा रहा है कि करीब 8 साल पहले कपल की शादी हुई थी। साल 2013 से दोनों साथ दिल्ली के छतरपुर एक्सटेंशन में रह रहे थे। वो दोनों एक इंश्योरेंस फर्म में काम करते थे। पुलिस ने बताया कि चिराग की चाकू से गोद कर हत्या की गई है। उनके शरीर पर 5 बार चाकू से गोदे जाने के निशान हैं। आरोपी ने अपनी नस काटने और Lizol पी कर आत्महत्या करने की कोशिश की।

डीसीपी ठाकुर ने बताया कि यह मामला उस वक्त प्रकाश में आया जब उनके घऱ के मालिक ने पुलिस को वहां बुलाया और बताया कि कपल घर का दरवाजा नहीं खोल रहे हैं। जिस तरह से महिला ने फेसबुक पर अपने पति की हत्या की बात लिखी थी उसके लेकर पुलिस कंट्रोल रूम के पास फोन भी आया था। आरोपी के घर पहुंचने के बाद पुलिस ने दरवाजा तोड़ा। अंदर का नजारा देख पुलिस भी चौंक गई। कपल बदहवाश हालत में वहां मौजूद थे। चिराग जमीन पर पड़े थे जबकि उनकी पत्नी बिस्तर पर पड़ी हुई थीं। कमरे की दीवारों और फर्श पर खून बिखरे पड़े थे।

पुलिस ने जानकारी दी है कि चिराग मूल रूप से हरियाणा के यमुनानगर का रहने वाला था। रेणुका मध्यप्रदेश के उज्जैन की रहने वाली हैं। रेणुका ने जो फेसबुक पोस्ट डाला था उसमें उसने अपने पति पर कई गंभीर आरोप लगाए थे और उनसे तलाक लेने की बात भी कही थी। हालांकि बाद में इस पोस्ट को हटा दिया गया। रेणुका के पोस्ट को पढ़ने के बाद उनके के रिश्तेदार ने चिराग और मकान मालिक को फोन भी किया था लेकिन यह फोन रिसीव नहीं हुआ था।