Coronavirus, Covid-19 India Lockdown:  कोरोना वायरस का खौफ लोगों के दिलों में बैठ गया है। गुजरात के अहमदाबाद जिले से एक बेहद ही चौंकाने वाली खबर आई है। यहां एक महिला की मौत कोरोना वायरस की वजह से हो गई। बड़ी हैरानी की बात है कि महिला की मौत के बाद लोगों ने उनके शव को कब्रिस्तान में दफनाने से मना कर दिया। दरअसल लोग इस बात का विरोध करने लगे कि कोरोना संक्रमित के शव को वहां दफनाने से संक्रमण बढ़ने का खतरा है।

46 साल की यह महिला कोरोना से संक्रमित थी। महिला की मौत के बाद उनके शव को रायपुर स्थित एक कब्रिस्तान में दफनाया जाना था। अस्टोडिया की रहने वाली इस महिला के शव को जब रायपुर स्थित कब्रिस्तान में ले जाया गया तो लोग यहां हंगामा करने लगे। लोग महिला के शव को किसी भी कीमत पर यहां नहीं दफनाने देने की बात करने लगे। करीब 4 घंटे तक लोगों का विरोध प्रदर्शन यहां चलता रहा। लोगों का कहना था कि महिला को यहां दफनाए जाने से इलाके में कोरोना वायरस का संक्रमण फैल सकता है।

पुलिस ने यहां लोगों को काफी समझाने की कोशिश की लेकिन लोगों के विरोध के बाद पुलिस को वहां से जाना पड़ा। इसके बाद पुलिस शव को गंज सोहदा कब्रिस्तान में लेकर पहुंची। हालांकि यहां भी लोगों ने महिला के शव को दफनाए जाने का विरोध शुरू कर दिया।

इसके बाद पुलिस ने सड़क की दोनों तरफ से घेराबंदी कर दी और लोगों को सख्त चेतावनी दी गई कि अगर शव को नहीं दफनाने दिया गया तो उनपर केस दर्ज किया जाएगा।

शव दफनाने के लिए वहां गई पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को समझाया कि इस शव को बॉडी बैग में रखा गया है लिहाजा इससे संक्रमण फैलने का खतरा नहीं है। कई घंटों तक लोगों के साथ पुलिस की बहसबाजी होती रही और फिर महिला के शव को दफनाया जा सका।