राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले की कलेक्ट्रेट में शनिवार (3 अगस्त) को लोग उस वक्त हैरान रह गए, जब उन्होंने एक महिला को लोहे की चेन से बंधे देखा। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है, जिसमें महिला की एड़ी में लोहे की भारी चेन बंधी नजर आ रही है। महिला का आरोप है कि उसके सास-ससुर व पति उसे चेन से बांधकर रखते थे। प्रतापगढ़ पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
महिला ने बताया कि उसके 5 बच्चे हैं और उसके सास-ससुर पीपल खुंट गांव में रहते हैं। पीड़िता ने आरोप लगाया कि पति शराब के नशे में अक्सर उसके साथ मारपीट करता है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।
National Hindi News, 03 August 2019 LIVE Updates: देश-दुनिया की हर खबर पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक
महिला ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के रिश्तेदारों ने उसके साथ रेप भी किया। इसके बाद उसने घर छोड़ने की कोशिश की तो ससुराल वालों ने उसे पकड़ लिया और लोहे की भारी चेन से बांध दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Bihar News Today 3 August 2019: बिहार से संबंधित हर खबर पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक
बता दें कि जुलाई 2019 के दौरान बिहार में भी एक महिला को प्रताड़ित करने का मामला सामने आया था। उस दौरान महिला को खंभे से बांधकर गंजा कर दिया गया था। यह घटना बिहार के समस्तीपुर में हुई थी और लोगों ने खाप पंचायत के आदेश पर इस वारदात को अंजाम दिया था। जब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस को पूरे मामले की जानकारी हुई थी।