यूपी के कानपुर से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां कुली बाजार इलाके में एक शौहर ने बीवी को सिर्फ इसलिए तीन तलाक दे दिया क्योंकि उसने ब्यूटी पार्लर जानकर अपनी आइब्रो बनवाई थी। शौहर ने हमेशा की तरह उसे वीडियो कॉल किया था मगर जब उसने नोटिस किया कि महिला ने आइब्रो बनवाई है तो वह तमतमा गया। उसने बीवी पर गुस्सा किया। उसने पूछा कि क्या तुमने आइब्रो बनवाई है इस पर बीवी ने कहा कि हां मैंने अपनी भौहों को सेट कराया है। इतना सुनते ही वह भड़क गया और पत्नी को बुरा-भला कहने लगा। इसके बाद उसने बीवी को दोबारा कॉल किया और उसे तीन तलाक दे दिया।
महिला का कहना है कि वह बार-बार शौहर को फोन करती रही मगर उसने उसके फोन का कोई जवाब नहीं दिया। महिला का कहना है कि ससुराल वाले भी उसके पति का ही साथ दे रहे हैं। वे कह रहे हैं कि उनके बेटे ने एकदम सही किया। अब परेशान होकर महिला ने पुलिस में पति सहित ससुराल के 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
17 जनवरी 2022 को हुआ था निकाह
दरअसल, लाली गुलसबा का निकाह 17 जनवरी 2022 को प्रयागराज के फूलपुर के रहने वाले सालिम के साथ हुआ था। निकाह के बाद सब सही चल रहा था। निकाह के बाद सालिम 30 अगस्त 2023 को सऊदी अरब नौकरी करने चला गया। हालांकि लाली गुलसबा अपने ससुराल वालों के साथ रह रही थी। उसका आरोप है कि शौहर के सऊदी अरब जाने के बाद ससुराल के लोग उसे दहेज के लिए परेशान करने लगे। वह परेशान होकर अपने मायके आकर रहने लगी। हालांकि सालिम से फोन पर उसकी बात होती रहती थी।
4 अक्टूबर को सालिम ने जब महिला को फोन किया तो पूछा कि क्या तुमने आइब्रो बनवाई है। महिला ने जवाब दिया हां आइब्रो सेट करवाई है। इतना सुनते ही सालिम गुस्सा हो गया। महिला को लगा कि वह बाद में मान जाएगा। हालांकि ऐसा नहीं हुआ और सालिम ने फोन कर पीड़िता को तीन तलाक दे दिया।
महिला ने बताया कि सालिम पुराने ख्यालात के हैं। उन्हें मेरा पार्लर जाना पसंद नहीं है। उन्हें मेरा मेकअप करना भी पसंद नहीं है। मेरे सुसराल के लोग भी मेरा साथ नहीं दे रहे हैं। मैंने उन्हें कई बार फोन किया मगर वे नहीं माने और मुझे तीन तलाक दे दिया। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।