आगरा से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां एक पत्नी ने कथित रूप से करंट लगाकर पति की हत्या कर दी। हत्या करने के बाद उसने शव को दो दिन तक घर में ही बंद रखा। बाद में जब घर में बदबू फैलने लगी तो वह खुद थाने पहुंची और पुलिस को कत्ल के बारे में जानकारी दी। पुलिस ने जब महिला की बात सुनी तो वे हैरान रह गए। घटना से आस-पास के इलाके में दहशत फैल गई है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। मामले में सदर थाने के एक अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान नीरज के रूप में हुई है।
पति-पत्नी दो बच्चों के साथ किराए के घर में रहते थे
पुलिस ने बताया कि नगला काछियान में नीरज कुशवाहा अपनी पत्नी प्रीति और दो बच्चों के साथ किराए के मकान में रहता था। वह आगरा कैंट स्टेशन पर वेंडर का काम करता था। पुलिस ने आरोपी महिला के हवाले से बताया कि नीरज शराब पीने का आदी था। वह हर रोज शराब पीकर प्रीति को परेशान करता था। जिससे तंग आकर उसने अपने पति के पैर में बिजली के तार बांधकर करंट लगा दिया।
दो दिन शव के साथ घर में रही पत्नी
अधिकारी ने बताया कि करंट लगने से नीरज की मौत हो गई। हालांकि इसके बाद महिला ने दो दिन तक शव को कमरे में बंद रखा और उसी घर में रही। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह शव से बदबू आने लगी तो प्रीति ने कमरे में ताला लगाया और चाबी लेकर थाने पहुंच गई। थाने पहुंचकर उसने पुलिस को बताया कि उसने अपने पति की हत्या कर दी है। इस संबंध में थाना सदर प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस प्रीति कुशवाहा को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने हत्या की वजह घरेलू कलह बताया है। फिलहाल मामले में आगे की जांच की जा रही है।
