बिहार के बेगूसराय से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी को रील्स बनाने से मना किया तो उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बारे में जानकर आस-पास के लोग दहशत में आ गए। रिपोर्ट के अनुसार, पति नहीं चाहता था कि उसकी पत्नी इंस्टाग्राम पर रील्स बनाए। वह उसे बार-बार रील्स बनाने के लिए मना करता था। इसी बात से नाराज होकर पत्नी ने अपने मायकों वालों के साथ मिलकर पति की बरेहमी से हत्या कर दी। घटना खोदाबंदपुर थाना क्षेत्र के फफौत गांव की है। मृतक की पहचान महेश्वर कुमार राय के रूप में हुई है। वह समस्तीपुर जिला के नरहन गांव का रहने वाला है।
रिपोर्ट के अनुसार, महेश्वर कुमार की शादी 7 साल पहले फफौत गांव की निवासी रानी कुमारी से हुई थी। वह कोलकाता में मजदूरी करता था। हाल ही में वह घर आया था। कुछ दिनों से उसकी पत्नी इंस्टाग्राम पर काफी वीडियो बनाती थी। वह रानी के रील्स बनाने का विरोध करता था। उसे पसंद नहीं था कि उसकी पत्नी इंस्टा पर वीडियो बनाए। हालांकि रानी अपने पति की बात नहीं मानती थी। वह वीडियो बनाती रहती थी।
पत्नी ने गला दबाकर की हत्या
दरअसल, रविवार की रात 9 बजे महेश्वर अपने ससुराल फफौत गया था। जहां उसकी पत्नी और ससुराल के लोगों ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। घटना के दूसरे दिन महेश्वर के भाई ने उसे फोन किया। जब उसने फोन नहीं उठाया। उसे कुछ गड़बड़ होने की आशंका हुई। इसके बाद उसने अपने पिता को फफौत गांव भेजा। उसने देखा तो पाया कि महेश्वर वहां मृत पड़ा था। इसके बाद उसने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महेश्वर के परिजन ने आरोप लगाया कि रील्स बनाने का विरोध करने पर पत्नी और ससुराल के लोगों ने ही महेश्वर की हत्या कर दी। घरवालों ने बताया कि महेश्वर कुमार कोलकाता में रहकर काम करता था। वह 3 दिन के अंदर ही लौटने वाला था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में लिया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।