उत्तर प्रदेश में अभी हाथरस कांड और बलिया गोलीकांड का मामला शांत नहीं हुआ है और अब कानपुर में एक बार फिर महिला ने अपने साथ दुष्कर्म किये जाने का आऱोप लगा है। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), केशव कुमार चौधरी ने मामले की जानकारी देते हुए कहा कि ‘ दलित महिला का आऱोप है कि 2 लोगों ने बंदूक की नोंक पर उनके साथ दुष्कर्म किया। आरोपियों में एक पूर्व ग्राम प्रधान भी शामिल है। महिला की शिकायत के आधार पर हमने दोनों लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपी और पीड़ित महिला एक ही जाति से तालुल्क रखते हैं। ‘
पुलिस के मुताबिक दुष्कर्म की यह घटना एक हफ्ते पहले की है और पुलिस को रविवार को इस बारे में जानकारी दी गई है। महिला के परिजनों का कहना है कि घटना के वक्त महिला घऱ पर अकेली थी। दोनों आरोपी दबे पांव घर में घुसे थे और फिर बंदूक की नोंक पर उन्होंने इस घिनौने काम को अंजाम दिया। जाते वक्त इन दोनों ने युवती को धमकी दी थी कि वो इस घटना के बारे में किसी को ना बताए वरना उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।’
इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा और एससी/एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। एसएचओ के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन भी किया गया है ताकि दोनों आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।
आपको बता दें कि अभी हाल ही में हाथरस में 19 साल की एक दलित लड़की से कथित तौर से गैंगरेप और उनकी हत्या का मामला सामने आय़ा था। इस मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हालांकि सभी आरोपियों ने इस केस में खुद को बेगुनाह बताया है और लड़की के घरवालों पर लड़की की हत्या का आरोप लगाया है।
इस मामले में काफी हंगामा मचने के बाद राज्य की योगी आदित्यनाथ सरकार ने सीबीआई जांच की सिफारिश कर दी थी। जिसके बाद से सीबीआई इस मामले की सच्चाई उजागर करने में जुटी हुई है।
