उत्तर प्रदेश के हाथरस में एक दलित महिला ने ऊंची जाति के लोगों पर उनके साथ गैंगरेप करने का आरोप लगाया है। महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उनकी गला दबाकर उन्हें जान से मारने की कोशिश भी की। महिला अभी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं औऱ उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

दलित महिला का आऱोप है कि 14 सितंबर को उनके साथ इस भयानक वारदात को अंजाम दिया गया है। पीड़िता ने 22 सितंबर को पुलिस के सामने बयान दिया है कि 14 सितंबर को वो आग जलाने के लिए लकड़ी का इंतजाम करने के लिए गई थीं और उनके साथ ऐसी घटना हुई है।

पिछले हफ्ते महिला के भाई की शिकायत पर पुलिस ने इस मामले में संदीप नाम के एक युवक को हत्या के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार किया था। इस युवक को एससी/एसटी एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया था। उस वक्त परिजनों ने आऱोप लगाया था कि संदीप ने पुरानी रंजिश की वजह से महिला को मारने की कोशिश की थी।

इस मामले में गुरुवार को हाथरस के पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने कहा कि महिला की शिकायत के बाद अब इस मामले में गैंगरेप का चार्ज लगाया गया है। इस मामले में एक आरोपी को पकड़ा गया है और अन्य आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।

इधर इस मामले में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष दीपक कुमार ने पीड़ित महिला से मुलाकात की है। इस मुलाकात के बाद उन्होंने आरोप लगाया है कि आरोपी पीड़ित महिला और उनके परिवार वालों को धमकी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में वो एक विस्तृत रिपोर्ट पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी और राज्य के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को देंगे।

कांग्रेस नेता श्योराज जीवन वाल्मिकी ने परिवार के सदस्यों से मुलाकात के बाद पुलिस पर आरोप लगाया कि पुलिस ने पीड़ित परिवार का बयान दर्ज करने में देरी की। उन्होंने ऐसा करने वाले पुलिस वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की। उन्होंने कहा कि दलित परिवारों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।