बुलंदशहर में छेड़खानी के दौरान एक होनहार बेटी की मौत हो गई। यहां सबसे पहले आपको बता दें कि यह बेटी पढ़ाई-लिखाई में इतनी होनहार थी कि उसे करोड़ों रुपए की स्कॉलरशिप मिली थी और वो अमेरिका में पढ़ाई कर रही थी। परिवार का कहना है कि वो HCL की तरफ से 3.80 करोड़ रुपये की स्कॉलरशिप पर अमेरिका में पढ़ रही थीं। बताया जा रहा है कि सोमवार को सुदीक्षा भाटी अपने चाचा के साथ बाइक पर अपने किसी रिश्तेदार के घर औरंगाबाद जा रही थी। इसी दौरान बुलेट पर सवार 2 मनचलों ने उनसे छेड़खानी की।
मृतक लड़की के चाचा का कहना है कि ‘रास्ते में एक बुलेट ने हमें कई बार ओवरटेक किया, मैंने मोटरसाइकिल की स्पीड कम की और बुलेट सवार ने आगे जाकर अचानक ब्रेक मारी जिसमें बैलेंस बिगड़ने से हादसा हुआ, जिसमें शुभिक्षा के सिर में चोट लगी..’ जिसके बाद सुदीक्षा भाटी की मौत हो गई।
इधर इस मामले में एसपी सिटी अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि ‘लड़की अपने मामा के घर जा रही थी तब ही यह वाकया हुआ है। मामला दर्ज कर लिया गया है, जांच की जा रही है।’ इंटरमीडिएट में बुलंदशहर जनपद में टॉप करने वाली सुदीक्षा भाटी की मौत के बाद से उनके परिजन बेहद दुखी हैं।
यह छात्रा अमेरिका के बॉब्सन कालेज में स्टडी कर रही थीं और छुट्टियों में घर आई हुई थी। 20 अगस्त को उन्हें वापस अमेरिका लौटना था। बताया जा रहा है की छात्रा बेहद ही गरीब परिवार से ताल्लुक रखती है और उसके पिता ढाबा चलाते हैं।
इस घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात बाइकर्स के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शरू कर दी है और आरोपों की जांच कर कार्रवाई करने का दावा कर रही है। अमेरिका में उच्च शिक्षा ग्रहण कर रही सुदीक्षा की मौत के बाद से यूपी में कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। आपको बता दें कि मंगलवार की अहले सुबह बागपत जिले में अपराधियों ने बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष संजय खोखरी की गोली मारकर हत्या कर दी। संजय खोखरी की हत्या उस वक्त की गई जब वो मॉर्निंग वॉक के लिए गए थे।
कुछ ही दिनों पहले गाजियाबाद में अपनी भांजी से छेड़खानी का विरोध करने पर एक पत्रकार को सरेआम गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया था। हालांकि इस मामले में पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया था।