दिल्ली से सटे नोएडा से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां जिस महिला को पुलिस उसकी पति की शिकायत के आधार पर लापता समझ कर ढूंढ रही थी वो कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में अपने प्रमी के साथ मिली। उसके साथ उसका एक दो साल का बच्चा भी था। जब पुलिस ने उससे ऐसा करने का कारण पूछा, तो उसने ऐसी बात बताई जिसे सुनकर वे चौंक गए।
पति ने लापता होने की दर्ज कराई थी शिकायत
दरअसल, नोएडा के बिशनपुरा गांव में रहने वाले एक शख्स ने 14 अक्टूबर को स्थानीय पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पत्नी और दो साल का बेटा घर से गायब हैं। साथ ही घर में रखे कीमती सामान भी नहीं मिल रहे हैं।
मूल रूप से बिहार के दरभंगा जिले का रहने वाला ये शख्स निजी कंपनी में नौकरी करता है। वो अपनी पत्नी और एक बच्चे के साथ किराए के मकान पर नोएडा में रहता था। शिकायत पाकर पुलिस महिला और बच्चे की खोज में जुटी।
इस तरह महिला तक पहुंच गई पुलिस
खोज पड़ताल के दौरान जब पुलिस ने उसे ट्रैक करने की कोशिश की तो उसका मोबाइल लोकेशन बेंगलुरु में दिखा। ऐसे में पुलिस की टीम वहां पहुंची। नोएडा से पहुंची टीम ने पाया कि महिला अपने प्रेमी के संग रह रही थी। बच्चा भी उसके साथ ही था।
पुलिस ने जब उससे पूछताछ की तो उसने बताया कि निजी जॉब करने के कारण पति टाइम नहीं दे पाता था। साथ ही वो उसे और बच्चे को गांव भेजने की तैयारी में था। इसी बीच सोशल मीडिया के जरिए उसकी शख्स से दोस्ती हुई। वो उसे अपने साथ बेंगलुरु लेकर आ गया।
पति पर प्रताड़ित करने का लगाया आरोप
महिला ने पुलिस के सामने पति पर प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया। हालांकि दोनों पक्षों की बातें सुनने के बाद पुलिस ने महिला और बच्चे को उसके माता-पिता को सौंप दिया। वहीं, पति को चेतावनी देकर वापस लौटा दिया।