Hardoi Marriage News: उत्तर प्रदेश के हरदोई से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने फेरों से पहले ये कहते हुए शादी से इनकार कर दिया कि अगर उसने शादी की तो उसकी पूर्व प्रेमिका आत्महत्या कर लेगी। ये बात सुनते ही दुल्हन को झटका लग गया। साथ ही लड़की के घरवाले भी सन्न रह गए। उन्होंने पुलिस की मदद से शादी कराने की कोशिश की।
खर्च वापस करने की शर्त पर हुआ समझौता
हालांकि, सफल नहीं होने की स्थिति में शादी का सारा खर्च वापस करने की शर्त पर वो शादी रोकने राजी हो गए। ऐसे में लड़के ने शादी में खर्च हुए सारे पैसे और बतौर उपहार मिले सभी सामान वापस कर दिए। फिर बिना दुल्हन के ही बारात लेकर वापस लौट गया। घटना माधौगंज कस्बे की है। यहां बांगरमऊ से बारात आई थी।
बारातियों का दुल्हन पक्ष ने शानदार स्वागत किया। द्वार पूजा, जयमाला की रस्म के बाद जब दूल्हा मंडप पर आया तो उसे अचानक अपनी पूर्व प्रेमिका की याद आ गई और उसने शादी करने से मना कर दिया।
प्रेमिका ने आत्महत्या की दी थी चेतावनी
जब लोगों ने उससे ऐसा करने का कारण पूछा तो उसने बताया कि उसकी पूर्व प्रेमिका ने उसे चेतावनी दी है कि अगर उसने किसी और लड़की से शादी की तो वो आत्महत्या कर लेगी। ऐसे में वो शादी नहीं कर सकता। दूल्हे का ऐसा कहना था कि हल्ला हंगामा मच गया। लड़की वालों ने लड़के पिता समेत अन्य परिजनों को वेन्यू से बाहर नहीं जाने के चेतावनी देते हुए पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने लड़के को बहुत समझाया
पुलिस ने लड़के को बहुत समझाया कि वो शादी कर ले। लेकिन वो शादी को राजी नहीं हुआ। दूल्हा दीपेन्द्र सिंह ने बताया कि उसे शादी से दिक्कत नहीं है। लेकिन एक्स गर्लफ्रेंड के कारण उसने ये फैसला लिया है। दोस्तों ने बताया कि फोन पर उसकी प्रेमिका ने आगाह किया था कि अगर वो ये शादी करता है तो वो आत्महत्या कर लेगी।
शादी तोड़ते हुए लड़के ने दुल्हन पक्ष को शादी पर खर्च हुए 9 लाख रुपये भी वापस कर दिए। पूरे मामले में थानाध्यक्ष केके यादव ने बताया कि दूल्हे पक्ष के लोगों से पूछताछ की गई है। दोनों पक्षों ने आपस में सुलह कर ली है। इस पर भी अगर लड़की पक्ष तहरीर देता है तो कार्रवाई होगी।