यूपी में राह चलती लड़की को बदमाश खींच कर खेत में ले गए। उसके साथ छेड़खानी की और फिर इसका घिनौने कृत्य का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। बेखौफ अपराधियों ने यह करतूत बुलंदशहर में सामने आई है। गंभीर बात यह भी है कि छेड़खानी की शिकार नाबालिग लड़की ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली है। पीड़ित लड़की के परिजनों का कहना है कि गांव के ही तीन युवकों ने उनकी बेटी के साथ कुछ दिनों पहले छेड़खानी की थी। परिजनों के मुताबिक बदमाशों ने छेड़खानी का वीडियो भी बना लिया था और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। जिसके बाद उनकी बेटी ने सोमवार को आत्महत्या कर ली।
इस मामले में बुलंदशहर पुलिस ने बताया है कि मृतक लड़की के पिता की शिकायत के बाद केस दर्ज कर लिया गया है और जल्दी ही इस केस के सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस का यह भी दावा है कि लड़की के परिजनों ने बिना उन्हें सूचना दिये लड़की का अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस के मुताबिक स्थानीय लोगों से जानकारी मिलने के बाद पुलिस पीड़ित परिवार तक पहुंच सकी और फिर लड़की के साथ हुई इस वारदात का खुलासा हो सका।
बताया जा रहा है कि 14 साल की इस छात्रा ने 31 अगस्त की देर शाम को जहर खाकर अपनी जान दी थी। गांव वालों का कहना है कि अक्सर ये मनचले गांव की लड़कियों को तंग करते रहते हैं। कई बार इन्हें समझाने की भी कोशिश की गई लेकिन ये नहीं माने। लड़के पिता गुरुग्राम में नौकरी करते हैं। बेटी की मौत के बाद पूरा परिवार गमगीन है।
इधर इस मामले पर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने राज्य में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली BJP सरकार को घेरा है। ‘उन्होंने पूछा कि क्या बीजेपी सरकार यह बता पाएगी कि राज्य में दलितों के खिलाफ हो रहे अत्याचार रुक क्यों नहीं रहे हैं? राज्य सरकार को ऐसे सवालों से बचना नहीं चाहिए बल्कि ऐसी घटनाओं पर कड़ा एक्शन लेना चाहिए और जवाब देना चाहिए।’

