आखिरकार गैंगस्टर मुख्तार अंसारी को बुधवार (07-04-2021) की सुबह उत्तर प्रदेश के बांदा जेल में शिफ्ट कर दिया गया। अहले सुबह मुख्तार अंसारी को बांदा जेल लाया गया था जहां कानूनी तथा अन्य प्रक्रियाओं के बाद उसे जेल में डाल दिया गया। मुख्तार अंसारी को जेल में डाले जाने के बाद यहां के जेल मंत्री जय प्रताप सिंह जैकी ने साफ किया है कि मुख्तार अंसारी को जेल के अंदर किसी भी तरह की वीआईपी सुविधा नहीं मिलेगी।
जाहिर है अब मुख्तार अंसारी को जेल के अंदर आम कैदियों की तरह की रहना होगा। यह भी साफ कर दिया गया है कि मुख्तार अंसारी सीसीटीवी कैमरों की निगेहबानी में रहेगा और जेल प्रशासन उसकी हर हलचल पर नजर रखेगा। इससे पहले मुख्तार अंसारी को पंजाब के रोपड़ जेल से बांदा लाया गया था। बताया जाता है कि पंजाब के रोपड़ से 14 घंटे का सफर मुख्तार अंसारी ने किया। इससे पहले की कुछ तस्वीरें वायरल हुई थीं जिसमें मुख्तार अंसारी व्हील चेयर पर बैठा नजर आया था। यह भी जानकारी मिली थी कि मुख्तार अंसारी व्हील चेयर से ही एंबुलेंस में सवार हुआ था।
बताया जा रहा है कि पंजाब में व्हील चेयर पर दिखने वाला मुख्तार अंसारी बांदा जेल पहुंचने के बाद अपने पैरों से चलकर जेल के अंदर गया था। जानकारी के मुताबिक बांदा पहुंचने के बाद यहां चिकित्सकों ने मुख्तार अंसारी की जांच की थी और वो इस जांच में फिट पाया गया था।
लेडी अफसर ने विधायक को जड़ा था जोरदार थप्पड़!; पढ़ें
पंजाब से यूपी तक का यह सफर करीब 900 किलोमीटर तक का था। इस सफर में करीब 150 पुलिसकर्मी मौजूद थे। जो विभिन्न गाड़ियों में थे और उसकी एंबुलेंस के आगे-पीछे चल रहे थे। कहा जा रहा है कि मुख्तार अंसारी को जेल के 16 नंबर बैरक में रखा जाएगा। इस बैरक को तन्हाई बैरक भी कहा जाता है। दरअसल इस बैरक में कोई दूसरा अन्य कैदी मौजूद नहीं है, इसीलिए मुख्तार को इसी बैरक में रखने की योजना बनाई गई है।
आपको बता दें कि भारतीय जनता पार्टी को छोड़कर यूपी के करीब हर पार्टियों में शामिल रहे मुख्तार अंसारी पर 50 से ज्यादा आपराधिक केस दर्ज हैं। इनमें चर्चित भाजपा विधायक कृष्णनंद राय हत्याकांड भी शामिल है।

